यूक्रेन पर 500 ड्रोन अटैक, जेलेंस्की बोले- रूस अर्थव्यवस्था को बना रहा निशाना
कीव। यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध में शनिवार को एक बार फिर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने सुबह से अब तक करीब 500 हमला करने वाले ड्रोन लॉन्च किए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई शाहेद ड्रोन अभी भी यूक्रेन के आसमान में मौजूद हैं।
जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर रूसी हमलों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनके मुताबिक रूस अब केवल सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों के जीवन को प्रभावित करने वाले ढांचे को भी निशाना बना रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि जहां रूस को सैन्य मोर्चे पर मनचाही सफलता नहीं मिल रही, वहां वह आर्थिक मोर्चे पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद्य पदार्थों के गोदाम, पेट्रोल पंप, दवाओं के निर्माण और भंडारण से जुड़ी सुविधाएं, यात्री ट्रेनें, रिहायशी इमारतें और नागरिक कारोबार हमलों की चपेट में आए हैं।
जेलेंस्की के अनुसार, हाल के दिनों में एक स्टील कारखाने को भी निशाना बनाया गया, जो एक भारतीय कारोबारी के स्वामित्व में है। इसके अलावा सूरजमुखी तेल बनाने वाली अमेरिकी कंपनी और प्लंबिंग फिटिंग्स का उत्पादन करने वाली पोलिश कंपनी भी रूसी हमलों से प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि रूसी हमलों का असर ट्रकों की पार्किंग, बंदरगाहों, शॉपिंग मॉल और ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा है। जेलेंस्की का कहना है कि रूस यूक्रेन की आर्थिक क्षमता को कमजोर कर उसके प्रतिरोध को तोड़ने की कोशिश कर रहा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पश्चिमी सहयोगी देशों से रूस के खिलाफ केवल जवाबी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन हमलों की स्पष्ट राजनीतिक और नैतिक निंदा भी जरूरी है। साथ ही उन्होंने रूसी कंपनियों और अरबपतियों पर प्रतिबंधों को जारी रखने की मांग की।
जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध के लिए रूसी सरकार को टैक्स के जरिए आर्थिक मदद देने वाली कंपनियों और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी कारोबारियों को युद्ध की कीमत महसूस होनी चाहिए। उनके मुताबिक प्रतिबंधों का उद्देश्य यही होना चाहिए कि रूसी कारोबारी अपने नेतृत्व पर युद्ध खत्म करने का दबाव बनाएं।
उन्होंने यूरोपीय देशों को भी रूसी अरबपतियों के साथ सामान्य संबंध रखने को लेकर चेताया। जेलेंस्की ने कहा कि जब रूस युद्ध को लंबा खींचने के लिए आर्थिक संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा है, तब रूसी कारोबारियों को युद्ध के प्रभाव से अलग सुरक्षित और सामान्य जीवन जीने का माहौल देना उचित नहीं होगा।