Dark Mode
दीपावली तक जयपुर में चलेगा विशेष सफाई अभियान

दीपावली तक जयपुर में चलेगा विशेष सफाई अभियान

जयपुर. जयपुर में दीपावली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा। महापौर सुनील कोठारी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि दीपावली तक वार्डवार सफाई अभियान चलाया जाए और शहर के प्रमुख क्षेत्रों के साथ गलियों, फुटपाथों तथा आसपास के हिस्सों में भी सफाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने गुरुवार को झोटवाड़ा, वैशाली नगर, जगतपुरा, झालाना और मालवीय नगर जोन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता योद्धाओं के साथ पांच घंटे से अधिक समय तक मैराथन बैठक की। बैठक में जोन स्तर के प्रशासनिक ढांचे, सफाई व्यवस्था, राजस्व बढ़ाने के उपाय, उपलब्ध संसाधनों और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों से अलग-अलग क्षेत्रों की स्थिति को लेकर फीडबैक भी लिया गया।

बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल और संबंधित वार्ड पार्षद भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि नगर निगम का काम केवल सफाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों का समय पर समाधान करने पर भी जोर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए नगर निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच नियमित संवाद जरूरी है। उन्होंने मासिक बैठक आयोजित करने की बात भी कही, ताकि वार्ड स्तर की समस्याओं को आपसी समन्वय से सुलझाया जा सके।

महापौर ने सफाई व्यवस्था को लेकर स्पष्ट किया कि सफाई का अर्थ केवल सड़कों पर झाड़ू लगाना नहीं है। क्षेत्र पूरी तरह व्यवस्थित नजर आना चाहिए। फुटपाथों पर कचरा नहीं रहना चाहिए और पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई-छंटाई भी कराई जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

दीपावली के मद्देनजर उन्होंने सड़कों पर पेचवर्क, विद्युत व्यवस्था और निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उनका कहना था कि त्योहार के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां पहले से पूरी होनी चाहिए।

बैठक के दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इनमें केबल तार, हूपर्स की उपलब्धता, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन और अवैध अतिक्रमण जैसे मुद्दे शामिल रहे। महापौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर इन समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

महापौर ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों से टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि “म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर” का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब सभी मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने वार्ड स्तर पर समय-समय पर साप्ताहिक सफाई अभियान चलाने की जरूरत भी बताई।

नगर निगम की इस पहल का मुख्य फोकस दीपावली से पहले शहर की साफ-सफाई, सड़क व्यवस्था, रोशनी और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति सुधारने पर रहेगा। साथ ही वार्ड पार्षदों और अधिकारियों के बीच सीधे संवाद के जरिए स्थानीय समस्याओं का जल्द समाधान करने की कोशिश की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!