Dark Mode
जलदायी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का पलटवार: गहलोत सरकार ने जल जीवन मिशन को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया

जलदायी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का पलटवार: गहलोत सरकार ने जल जीवन मिशन को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया

जयपुर। जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा ‘बजट फाइल्स’ नाम से जारी वीडियो पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस जल जीवन मिशन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ, उसी योजना पर खुद सवाल उठा रहे हैं। यह तो वही बात हो गई कि नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 के दौरान जल जीवन मिशन में अनियमितताओं के चलते प्रदेश की छवि धूमिल हुई। कागजों में पाइपलाइन बिछाने, बिना कनेक्शन टंकियां बनाने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों ने इस महत्वाकांक्षी योजना को प्रभावित किया। तत्कालीन जलदाय मंत्री को भी इस मामले में जेल जाना पड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हर घर नल से जल पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना को कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। जलदाय मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार के समय योजना का एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट लैप्स हुआ और निर्धारित समय सीमा समाप्त हो गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्वयं दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से योजना की समय सीमा बढ़वाई तथा लैप्स हुए बजट का सदुपयोग सुनिश्चित कर योजना को गति दी। वर्तमान राज्य सरकार जल जीवन मिशन के कार्यों को तेजी से पूरा कर रही है और अब तक 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गहलोत को आंकड़ों पर सवाल उठाने के बजाय यह जवाब देना चाहिए कि उनके कार्यकाल में पाइपलाइनें कागजों में क्यों बिछाई गईं, टंकियों को कनेक्शन क्यों नहीं दिए गए और योजना में भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई हुई। जलदाय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जल सुरक्षा और जल आत्मनिर्भरता के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। राम जल सेतु लिंक परियोजना के तहत 26 हजार करोड़ रुपये के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इसी प्रकार शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते एवं किशाऊ बांध समझौते के माध्यम से भी प्रदेश के लिए अतिरिक्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने जल जीवन मिशन को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया, जबकि भजनलाल सरकार इसे पटरी पर लाकर प्रदेश को जल आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस शासनकाल की हकीकत जानती है। गहलोत ‘बजट फाइल्स’ के वीडियो जारी कर अपनी सरकार की विफलताओं और काली करतूतों पर पर्दा नहीं डाल सकते। हमारी सरकार धरातल पर काम कर रही है, जबकि गहलोत केवल वीडियो बनाकर सवाल उठा रहे हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!