राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में मेरा युवा भारत के तत्वावधान में भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
सवाई माधोपुर। युवाओं में खेल भावना, शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य रामकेश मीणा उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेना चाहिए। खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम:- माय भारत के स्वयंसेवक सीताराम गुर्जर ने बताया कि मेरा युवा भारत के माध्यम से युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आपसी भाईचारा, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में शारदा प्रथम:- छात्राओं की 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में शारदा ने प्रथम, ममता ने द्वितीय तथा मोनिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में पायल मीणा प्रथम, कृति गुर्जर द्वितीय एवं प्रिया गुर्जर तृतीय स्थान पर रहीं। छात्राओं की लंबी कूद प्रतियोगिता में नेहा चतुर्वेदी ने प्रथम, ज्योति सैनी ने द्वितीय तथा पायल मीणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। छात्र वर्ग में अंकुश ने मारी बाजी:- छात्रों की 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में अंकुश ने प्रथम, नितिन ने द्वितीय तथा सचिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में भी अंकुश ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नितिन द्वितीय और अभय तृतीय स्थान पर रहे। लंबी कूद प्रतियोगिता में अंकुश सिंह पिचानोट ने प्रथम, अभय कुमार सैनी ने द्वितीय तथा अमित कटारिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी में बालाजी खेड़ला और अहिल्या टीम बनी विजेता:- खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित लड़कों की कबड्डी प्रतियोगिता में बालाजी खेड़ला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्राओं की कबड्डी प्रतियोगिता में अहिल्या टीम विजेता रही। रस्साकशी प्रतियोगिता में छात्राओं के वर्ग में अहिल्याबाई टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि छात्रों के वर्ग में मिहिर भोज टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। माय भारत स्वयंसेवकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी:- कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान आकाश वैष्णव, अजीत गुर्जर, सुरेंद्र पटेल, मनोज सैनी, राहुल जागा,रिजुल गर्ग, आकाश सैनी सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी स्वयंसेवकों ने प्रतियोगिताओं के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया। इस प्रकार मेरा युवा भारत के माध्यम से आयोजित यह खेल कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला साबित हुआ।