चुनाव पर्यवेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सवाई माधोपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत शनिवार को जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में जारी रहा। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया, जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने जिले की पंचायत समिति सवाई माधोपुर के जीनापुर एवं कुस्तला, पंचायत समिति गंगापुर सिटी के मीणा पाड़ा तथा पंचायत समिति वजीरपुर के रेंडायल गुर्जर स्थित मतदान केंद्रों का अवलोकन कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यारौली में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जिला परिषद वार्ड संख्या 30 एवं पंचायत समिति वार्ड संख्या 8 के बूथों पर मतदान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पीठासीन अधिकारी को निर्देश दिए कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए डमी ईवीएम का उपयोग करें। साथ ही, मतदान केंद्र पर मौजूद सभी निर्वाचन अभिकर्ताओं को अपने पहचान पत्र हर समय प्रदर्शित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगापुर सिटी उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सारोली एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खानपुर बड़ौदा स्थित मतदान केंद्रों का भी अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महू कलां में पंचायत समिति वार्ड संख्या 15 एवं जिला परिषद वार्ड संख्या 28 के लिए स्थापित मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। महू कलां स्थित आदर्श मतदान केंद्र पर मतदाताओं के स्वागत के लिए आकर्षक सजावट की गई है तथा उनकी सहायता के लिए स्वयंसेवक (वालंटियर) नियोजित किए गए हैं। विद्यालय परिसर में कुल सात मतदान बूथ संचालित हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों से मतदान की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने किया सघन निरीक्षण:- पंचायत समिति चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सभी एरिया एवं जनरल मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त उपखंड अधिकारियों एवं तहसीलदारों सहित अन्य अधिकारियों ने भी मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण कर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी।