चुनाव पर्यवेक्षक ने भी मतदान केन्द्रो का किया निरीक्षण, देखी व्यवस्थाएं
जैसलमेर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक वासुदेव मालावत ने भी जिले में शनिवार को जिला परिषद व 10 पचायत समितियों के वार्ड सदस्यों के लिए हुए मतदान के दिवस विभिन्न ग्रामीण अंचलों का भ्रमण कर मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया एवं निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। चुनाव पर्यवेक्षक मालावत ने ग्राम पंचायत छत्रैल, हाबरू, कुछडी, खुईयाला, तनोट सहित सीमावर्ती मतदान केन्द्रो का निरीक्षण किया एवं आदर्श आचार संहिता की पालना के साथ ही मतदान केन्द्रो पर दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्हील चेयर व्यवस्था का भी जायजा लिया। सभी मतदान केन्द्रों पर उचित व्यवस्था पाई गई। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने भी किया आदर्श मतदान केन्द्र का निरीक्षण उपजिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) नरेन्द्र पाल सिंह ने भी मतदान दिवस को विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंनें जैसलमेर विधानसभा में जैसलमेर पंचायत समिति के ग्राम पंचायत बडा बाग में स्थापित सजेधजे आदर्श मतदान केन्द्र का अवलोकन किया जहां पर मतदाता उत्साह के साथ मतदान कर रहे थे। ये आदर्श मतदान केन्द्र अपने आप में एक आकर्षण का केन्द्र बना रहा। इसके साथ ही उन्होंने सोनू मतदान केन्द्र का भी जायजा लिया एवं वहां पर व्हील चेयर पर बैठकर मतदान के लिये जा रही बुजुर्ग महिला से संवाद भी किया। इसके साथ ही पोकरण विधानसभा में भी ग्राम पंचायत मोराणी में आदर्श मतदान केन्द्र स्थापित किया गया। मतदान केन्द्र की बहुत ही सुन्दर सजावट की हुई थी। मतदाता आदर्श मतदान केन्द्र की अलग ही फीलिग करते हुए देखे गए एवं उनके मन में इस केन्द्र के प्रति आकर्षण भी दिखाई दे रहा था। इस मतदान केन्द्र का उपखण्ड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण ने भी निरीक्षण किया एवं मतदाताओं से निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी ली।