Dark Mode
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की ‘पदयात्रा’ स्थगित

आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की ‘पदयात्रा’ स्थगित

आम आदमी पार्टी ने वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की बुधवार को होने वाली पदयात्रा स्थगित कर दी है और इसे अब 16 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। दरअसल दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा कारणों के चलते आम आदमी पार्टी (आप) को यात्रा कार्यक्रम स्थगित करने का परामर्श दिया था जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया। आप नेता एवं दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस की सलाह सही लगी। उन्होंने कहा, ‘‘ मनीष सिसोदिया की पदयात्रा आज शाम पांच बजे शुरू होनी थी। दिल्ली पुलिस ने सुझाव दिया कि हम स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या होने के कारण सुरक्षा कारणों से इसे स्थगित कर दें। हमें उनकी सलाह सही लगी और हमने इसे 16 अगस्त के लिए स्थगित करने का फैसला किया। हम इस अवसर पर कोई टकराव नहीं चाहते।’’
भारद्वाज ने कहा कि शायद ‘‘कुदरत’’ की यही योजना है कि पदयात्रा अब 16 अगस्त से शुरू हो क्योंकि इसी दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा, ‘‘ हिंदी कैलेंडर के अनुसार उनका जन्मदिन जन्माष्टमी के दिन है लेकिन अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार जन्मदिन 16 अगस्त को है। जो होता है अच्छे के लिए होता है। शायद यही कुदरत की योजना है कि पदयात्रा केजरीवाल के जन्मदिन पर शुरू हो।’’ भारद्वाज ने कहा कि पदयात्रा दिल्ली के सभी इलाकों से होकर गुजरेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!