जय शाह के बाद बीसीसीआई को मिला नया कार्यवाहक सचिव
बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी द्वारा देवजीत सैकिया को बोर्ड का कार्यवाहक सचिव नियुक्त किया है। वे जय शाह की जगह लेंगे, जिन्होंने 1 दिसंबर से आईसीसी के नए अध्यक्ष का पदभार संभाला है। असम के रहने वाले सैकिया फर्स्ट क्लास क्रिकेटर हैं। वे वर्तमान में बीसीसीआई के संयुक्त सचिव हैं। रोजर बिन्नी ने बीसीसीआई के नियमों और विनियमों के तहत स्थायी सचिव की नियुक्ति होने तक सैकिया को कार्यवाहक सचिव नियुक्त करने के लिए अपनी संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल किया।
सैकिया को संबोधित एक पत्र में, जो न्यूज एजेंसी पीटीआई के पास है, बिन्नी ने सैकिया को सचिवीय शक्तियां सौंपने के लिए बीसीसीआई संविधान के खंड 7(डी) का हवाला दिया, जो असम के महाधिवक्ता भी हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने देवजीत सैकिया को लिखा कि, पद रिक्त होने या अस्वस्थ होने की स्थिति में अध्यक्ष किसी अन्य पदाधिकारी को कार्यभार सौंप देंगे, जब तक कि पद विधिवत रूप से भर नहीं जाता। इसी कारण से मैं सचिव का कार्यभार आपको सौंपता हूं, जब तक कि बीसीसीआई के नियमों के मुताबिक निर्धारित प्रक्रियाओं द्वारा सचिव का पद नहीं भर दिया जाता।