सिरस जैन तीर्थ में अंजनशलाका एवं प्रतिष्ठा महोत्सव
वैर . क्षेत्र के सिरस गांव स्थित जैन श्वेताम्बर मंदिर में बुधवार से शुरू हो रहे अंजनशलाका एवं प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। सोमवार को आयोजन समिति के पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मण्डप एवं अतिथियों के ठहराव आदि की व्यवस्थाओं को पूर्ण किया।
महोत्सव आयोजन प्रचार-प्रसार समिति प्रभारी राजेश जैन ने बताया कि 26 अप्रैल से विधिवत पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो जाएगा। इसके तहत प्रथम दिन कुंभ व दीपक स्थापना के साथ माणेकस्तम्भरारोपण, तोरण बांधना, जेवरारोपण, लघु नंद्यावर्त पूजन, क्षेत्रपाल पूजन, भैरव पूजन, सोलविद्यादेवी पूजन, नवग्रह पूजन, नवपद पूजन, वीशस्थानक पदपूजन आदि धार्मिक कार्यक्रम कराए जाएंगे। विधि कारक शाह संजयभाई, सोमाभाई द्वारा कार्यक्रमों को विधि विधान से सम्पन्न कराया जाएगा। इसके अलावा भजन-संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इधर महोत्सव की तैयारियों में समिति जोरशोर से जुटी हुई है। पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने मण्डप आदि बनाने के कार्यों को अंतिम रूप दिया। आवास व्यवस्था समिति के सहसंयोजक मुकेश जैन के अनुसार अतिथियों के ठहराव आदि की सिरस के अलावा भरतपुर, बयाना, महवा, भुसावर सहित विभिन्न जगहों पर पूर्ण व्यवस्था की गई है। बैनर-विज्ञापन समिति संयोजक डॉ. मनोज जैन ने बताया कि मण्डपों एवं विभिन्न अस्थायी कार्यालयों सहित गुरूदेव के चित्रपट व अन्य सूचनात्मक बैनर आदि लगाने का काम पूरा कर दिया गया है। आयोजन समिति संयोजक एडवोकेट रिद्धीचंद जैन के अनुसार कल्याणक मण्डप को अयोध्या नगरी व भोजनशाला को जगडूशाह एवं अनुपमादेवी भोजनशाला नाम दिया गया है। इसके अलावा पूछताछ कक्ष, स्वास्थ्य कक्ष व सामान रखने के लोकर की भी व्यवस्था की गई है। वहीं महिला एवं पुरूषों के ठहरने के अलग-अलग स्थान बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सिरस जैन तीर्थ में 6 दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव 1 मई तक चलेगा। जिसमें राजस्थान के अलावा दीगर प्रांत हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश आदि से भी जैन धर्मावलम्बी शामिल होंगे।