नाला निर्माण को लेकर बहीर क्षैत्रवासियों ने जाम लगाकर किया प्रदर्शन
टोंक (हुक्मनामा समाचार)। बनास नदी गहलोद रोड़ बहीर में नगर परिषद द्वारा निर्माणाधीन नाले का काम रोके जाने से गुस्साएं लोगों ने गुरूवार को सभापति अली अहमद के निवास के बाहर जाम लगाकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। क्षैत्रवासियों द्वारा जाम लगाने की सूचना मिलने पर तहसीलदार रामधन गुर्जर, कोतवाली थानाधिकारी जितेंद्र सिंह मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां आक्रोशित लोगों को नाला निर्माण कार्य शुरू किए जाने का आश्वासन देकर एवं समझाईश कर जाम हटवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बहीर रोड़ के समीप बनास नदी गहलोद जाने वाले रास्ते के लिए नगर परिषद टोंक द्वारा नाले का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था, जिसका निर्माण कार्य भी शुरू हो गया था, लेकिन सभापति के मकान के समीप आने के साथ ही काम रोक दिया गया। इस संबंध में वार्ड पार्षद मुकेश सैनी सहित लोगों ने ठेकेदार से जानकारी ली तो सभापति ने काम रुकवाने के लिए कहना बताया, जिससे नाराज पार्षद मुकेश सैनी की अगुवाई में वार्डवासियों ने सभापति के निवास के पास जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लम्बी लाईन लग गईं। सूचना मिलने के बाद तहसीलदार रामधन गुर्जर, कोतवाली पुलिस थानाधिकारी जितेंद्र सिंह वहाँ पहुंचे, जिन्होंने समझाईश की तथा आयुक्त ममता नागर से बातचीत के बाद जल्दी हीं काम शुरू किए जाने का आश्वासन देने के बाद जाम हटाया गया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, उनका कहना था कि बीच सडक़ एवं सडक़ के दोनों तरफ कीचड़ एवं गंदगी फैली हुई हैं, इसके लिए नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा था, लेकिन सभापति के मौखिक आदेश से काम रोक दिया गया हैं। बाद में नगर परिषद टोंक के अधिशाषी अभियंता राकेश शर्मा सहित नगर परिषद कर्मचारियों ने जेसीबी मंगवाकर सडक़ के आस-पास फैले कीचड़ को साफ कराना आरंभ किया।