ब्यावर : शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग के माध्यम से पत्राचार करने के निर्देश
- जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
ब्यावर। ब्यावर कलेक्टर कमल राम मीना ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों को शत-प्रतिशत ई-फाइलिंग के माध्यम से पत्राचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ई-गवर्नेंस और अधिक प्रभावी होगा। राजकाज व संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में प्रवेश उत्सव और शैक्षिक गतिविधियों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों के नामांकन को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वन विभाग से हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की जानकारी ली गई। पौधों की उपलब्धता और आवश्यकता की समीक्षा की गई। पौध वितरण और रोपण कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। कृषि और उद्यानिकी विभाग से किसान कल्याण योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करवाई गई। कलेक्टर ने सभी विभागों से कार्मिकों की उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। ब्यावर नगर परिषद को निर्देश दिए गए कि शहर से बाहर कचरा उठाने की विशेष ड्राइव चलाकर डंपिंग यार्ड तक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बस स्टैंड क्षेत्र की विशेष सफाई कराने और कार्मिकों की उपस्थिति की नियमित जांच करने को भी कहा गया। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिविरों का निरीक्षण, जिला स्तरीय समितियों के गठन व संशोधन, बजट घोषणाओं के अनुपालन और कबाड़ नीलामी की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिला रसद अधिकारी को गिव-अप योजना की समीक्षा तथा महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में जिला कलेक्टर मीना ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कार्यों में पूर्ण गंभीरता बरतें और नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।