जयपुर में रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव
जयपुर। जयपुर में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला। ट्रेन की चपेट में आने से मौत होना सामने आ रहा है। शव क्षत-विक्षत हालत में दो टुकड़ों में पड़ा था। जीआरपी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। जीआरपी थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। क्षत-विक्षत हालत में मिला शव दो टुकड़ों में पड़ा मिला। कमर से कटकर धड़ अलग हो चुका था, दाहिना हाथ भी अलग पड़ा था।
पुलिस ने शव के टुकड़ों को इक्ट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मृतक की उम्र करीब 30 साल है, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शरीर से अलग हुए दाहिने हाथ पर अंग्रेजी में ममता-जयराम गुदा है और ओम व मोर का टैटू गुदा है। बायां हाथ की कलाई पर तीन तारे और दिल के निशान का टैटू गुदा है। पुलिस मृतक की पहचान के साथ वारिसान की तलाश कर रही है।