यूपी के बलिया में पुलिस जवानों की बस पलटी, 29 घायल
बलिया। बलिया में पुलिस जवानों को लेकर जा रही जर्जर बस हादसे का शिकार हो गई। बस हाईवे से 3-4 पलटी खाते हुए नीचे गिर गई। हादसे में 29 जवान घायल हुए हैं। इनमें 10 की हालत गंभीर है। यह सभी बिहार स्पेशल आर्म्स पुलिस के जवान थे। छठ पूजा में ड्यूटी के लिए रोहतास से सीवान जा रहे थे। हादसा, यूपी-बिहार बर्डर पर बैरिया पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात 12.30 बजे के पास हुआ है।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से बस से घायल जवानों को निकाला और सोनबरसा सीएचसी ले जाया गया। यहां प्राथमिक इलाज किया गया। 10 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया।
बिहार पुलिस के जवानों के साथ हुई दुर्घटना की सूचना मिलते ही SP विक्रांत वीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों का हाल जाना। पुलिस ने जवानों के परिवार से उनकी बात कराई। बिहार सरकार को भी हादसे की सूचना दी।
प्राइवेट बस से जा रहे थे स्पेशल आर्म्स पुलिस के जवान
बस में बिहार स्पेशल आर्म्स पुलिस की 18 वीं बटालियन के जवान थे। E कंपनी के जवान दीपावली और छठ ड्यूटी पर ड्यूटी के लिए रोहतास से प्राइवेट बस से सीवान जा रहे थे। एसपी विक्रांत वीर ने बताया 29 जवान घायल हैं। सभी की हालत स्थिर है।
ये जवान है गंभीर घायल
बिहार आर्म्स पुलिस के जवान देवेंद्र कुमार पासवान, संतोष कुमार सिंह, अमित पांडेय, गोल्डन कुमार ओझा, सोनू कुमार उपाध्याय, विकास कुमार, आशुतोष कुमार, रोहित राज, नेहान गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।