‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’’ का हुआ शुभारम्भ
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों के खातों में हस्तांतरित की प्रथम किस्त की राशि झालावाड़ में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
झालावाड़। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में रविवार को ‘‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’’ का राज्य स्तरीय शुभारम्भ कार्यक्रम कृषि उपज मण्डी प्रांगण टोंक में आयोजित किया गया। उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ प्रदेश के समस्त जिलों में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ झालावाड़ में भी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 65 लाख किसानों के बैंक खातों में ‘‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना‘‘ की प्रथम किस्त की लगभग 650 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की तथा लाभार्थियों से वर्चुअली संवाद भी किया।
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा किसान उत्थान की दिशा में ‘‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’’ के अन्तर्गत राज्य के पात्र किसानों को प्रति वर्ष 2000 रुपए की राशि तीन किस्तों में दिए जाने की घोषणा की गई है। जिसके तहत ‘‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’’ की प्रथम किस्त एक-एक हजार रुपए की राशि का हस्तांतरण मुख्यमंत्री द्वारा पात्र किसानों के बैंक खातों में किया गया। शेष राशि 500-500 रुपए की दो किस्तों में किसानों को दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जिले के लगभग 2 लाख 12 हजार किसानों को करीब 21 करोड़ 18 लाख रुपए की राशि का हस्तांतरण किया गया।
झालावाड़ में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रमुख प्रेम बाई दांगी, नगर परिषद् झालावाड़ के सभापति संजय शुक्ला, उप जिला प्रमुख बेनाथ मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर सत्यनारायण आमेटा, एमडी सीसीबी गुलाबचन्द मीणा, पूर्व उप जिला प्रमुख भागचन्द दांगी, पूर्व प्रधान डॉ. अरूणा मीणा सहित बड़ी संख्या में जिले के किसान उपस्थित रहे।