राजस्थान में लौटी ठंड, शेखावाटी में कंपकंपी
जयपुर। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही प्रदेश में सर्द हवाओं का प्रकोप बढ़ गया है। खासकर शेखावाटी क्षेत्र में ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है, जहां न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तरी हवाओं के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। जयपुर, सीकर, पिलानी, चूरू सहित कई शहरों में सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्के बादल छाए रहे, जबकि जयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में हल्की धुंध देखी गई। कमजोर धूप के कारण दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहा।
शेखावाटी और आसपास के इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया गया। सीकर, नागौर, फतेहपुर और पाली में न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। नागौर में सबसे कम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से कम रहा। ठंडी हवाओं और हल्के कोहरे के चलते सुबह के समय लोगों को आवाजाही में भी परेशानी हुई।
मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, अगले दो से तीन दिन प्रदेश में मौसम सामान्यतः साफ रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल और उत्तरी जिलों में कोहरा छाने की संभावना बनी रहेगी। फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।