Dark Mode
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर निदेशक विष्णु चरण मलिक ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर निदेशक विष्णु चरण मलिक ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक

धौलपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जनगणना कार्य निदेशालय जयपुर के निदेशक विष्णु चरण मलिक की अध्यक्षता में जिला एवं चार्ज स्तर पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। बैठक में निदेशक विष्णु चरण मलिक ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके सफल संचालन में प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक की जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कहा कि जनगणना चार्ज अधिकारी इस महत्वपूर्ण कार्य में मूल सैनिक की भूमिका निभाएंगे। उपखण्डाधिकारी उपखण्ड स्तर पर चार्ज जनगणना अधिकारियों के लिए मुख्य मार्गदर्शक के रूप में कार्य करेंगे, जबकि जिला स्तर पर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर संपूर्ण जिले में जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल माध्यम से संपन्न होने वाली जनगणना प्रक्रिया के संबंध में डेटा की शुद्धता, कार्यों की नियमित निगरानी तथा गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना से संबंधित प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि संकलित आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे तथा किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना नहीं रहे। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत स्वगणना का कार्य 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य संपादित किया जाएगा। वहीं, पुनरीक्षण चरण का कार्य 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक आयोजित किया जाएगा। बैठक में इन सभी चरणों के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, अधिकारियों की जिम्मेदारियों एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, धौलपुर रामेश्वर महावर तथा जिला जनगणना प्रकोष्ठ के कार्मिक राघव पाठक एवं अभिषेक चौधरी उपस्थित रहे। जिले के समस्त उपखण्डाधिकारी एवं चार्ज जनगणना अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!