Dark Mode
मोड़क गांव में शिक्षा मंत्री का समस्या समाधान शिविर

मोड़क गांव में शिक्षा मंत्री का समस्या समाधान शिविर

  • नैत्रहीन शिक्षक को मिला इच्छित स्थान पर पदस्थापन

कोटा। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के मोड़क गांव में आयोजित शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के जनसमस्या समाधान शिविर में अपनी फरियाद लेकर आए नेत्रहीन विशेष अध्यापक लेवल-2 सामाजिक बनवारी लाल सेन ने शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि उनका स्थानांतरण उनके घर के निकट कर दिया जाए। शिक्षा मंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बनवारी लाल को उनके इच्छित स्थान पर लगाने के निर्देश प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को दिए।

उल्लेखनीय है कि 100 प्रतिशत नैत्रहीन श्रेणी में आने वाले बनवारी लाल राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नयागांव अकरन, ब्लॉक खानपुर जिला झालावाड़ में पदस्थापित हैं जो कि उनके घर से 30 किलोमीटर दूर है। आने जाने में हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने शिक्षा मंत्री से उच्च प्राथमिक विद्यालय दानावास या रघुवीरपुरा में पदस्थापित करने की गुहार लगाई थी। शिक्षा मंत्री ने तत्काल ही इस संबंध में निदेशक, प्राथमिक शिक्षा को इच्छित स्थान पर पदस्थापित करने के निर्देश दिए।

एक अन्य प्रकरण में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, वृंदावन, ब्लॉक झालरापाटन में पदस्थापित रामकरण मेहरा, अध्यापक लेवल-2 ने परिवेदना देकर पदस्थापन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, शिव कॉलोनी, ब्लॉक खैराबाद में करने की मांग की जिस पर शिक्षा मंत्री ने उनकी इच्छानुसार स्थानांतरित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 100 प्रतिशत नेत्रहीन दिव्यांग अथवा 90 प्रतिशत अन्य श्रेणी के दिव्यांगों को तत्काल उनके इच्छित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। शिक्षा मंत्री के इस संवेदनशील फैसले के कारण अभी तक कई नेत्रहीन एवं अन्य श्रेणी के दिव्यांगों को राहत मिली है।

दिव्यांग को तत्काल मिली पेंशन
शिविर में आए चेचट निवासी रोहित ने गुहार लगाई कि उनका साढ़े तीन वर्ष का बेटा भावेश दिव्यांग है और चलने फिरने मे असमर्थ है। उसे आर्थिक मदद की आवश्यकता है। इस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने मौके पर ही बालक भावेश को पेंशन स्वीकृत कर पेंशन पीपीओ जारी किया। रोहित ने तुरंत पेंशन स्वीकृति के लिए शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।

शिविर के आरंभ में शिक्षा मंत्री ने पूर्व में आयोजित खैराबाद शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि खैराबाद शिविर में 49 परिवेदनाएं शेष थी जिनमें से 30 खैराबाद ग्राम पंचायत से संबंधित थी। 17 की पालना कर निस्तारण कर दिया गया है। 13 अभी भी लंबित है जिनका जल्दी ही निस्तारण कर दिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने शिविर में अपनी समस्याएं लेकर आए क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!