बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत
धौलपुर। सैंपऊ थाना क्षेत्र के तसीमों गांव के पास सड़क क्रॉस कर रही महिला को बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। अस्पताल लाते वक्त महिला की रास्ते में मौत हो गई। शव को शवगृह में रखवाया गया। घटना के बाद परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट पर मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने बुजुर्ग महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। जिला अस्पताल पहुंचे महिला के परिजनों ने बताया कि बुजुर्ग महिला रामरति (60) पत्नी राम खिलाड़ी मकर संक्रांति के पर्व पर सामान लेने के लिए बाजार गई थी। जहां बाजार में सड़क क्रॉस करते वक्त तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करते हुए शव को शवगृह में रखवा दिया। सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए महिला की शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया है। शव को परिजनों के सुपुर्द करने के बाद पुलिस ने मौके से फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।