अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाताओं का सम्मान
श्रीगंगानगर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन (1 अक्टूबर) दिवस के अवसर पर गुरूवार को जिले भर में शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। लोकतंत्र के प्रति उनकी आस्था, निष्ठा एवं निरंतर सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए शतायु मतदाताओं को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, जयपुर द्वारा प्रेषित शुभकामना पत्र भेंट किए गए। इस अवसर पर उन्हें माल्यार्पण कर बैज लगाए गए तथा उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। इसी क्रम में जिला मुख्यालय पर श्रीगंगानगर उपखण्ड अधिकारी श्री नयन गौतम भाग संख्या 25 में शतायु मतदाता श्रीमती देवकी पत्नी श्री दानेन्द्र के निवास पर पहुंचे। उन्होंने श्रीमती देवकी का माल्यार्पण कर बैज लगाया तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की ओर से प्रेषित शुभकामना पत्र भेंट किया। इस अवसर पर जिला स्वीप समन्वयक श्री रमन कुमार असीजा, बीएलओ श्री मुकेश, श्री वेद प्रकाश, श्री जयंत बेरड़, श्री ललित चौधरी, श्री रामलाल हुड्डा, श्री रवि बिश्नोई सहित मोहल्लावासी उपस्थित रहे। उपखण्ड अधिकारी श्री नयन गौतम ने उपस्थित मतदाताओं से लोकतंत्र की शुचिता एवं मजबूती के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शतायु मतदाताओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था में निरंतर विश्वास और सहभागिता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। परिजनों ने सम्मान कार्यक्रम के लिए निर्वाचन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आम मतदाताओं में निर्वाचन विभाग के प्रति विश्वास और निष्ठा को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, ऐसे कार्यक्रम मतदाताओं को निर्भय होकर स्वतंत्र रूप से निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं।