पति ने पत्नी और तीन बच्चों की लाठी-रॉड से पीट-पीटकर की हत्या
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की पीट-पीटकर जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि यह पूरा मामला दरभंगा के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी इलाके का है, जहां एक सनकी युवक ने घरेलू विवाद में पत्नी सहित तीन बच्चों की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक ने स्वयं को भी जख्मी कर लिया। जख्मी युवक को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के दालकोला का रहने वाला संदीप दास अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दरभंगा के चंदन पट्टी के एक मुर्गा फॉर्म में काम करता है। बताया जाता है कि संदीप दास का पत्नी फूल कुमारी दास (30) से अक्सर झगड़ा होता था।
बताया गया कि मंगलवार की अहले सुबह भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और चंदन ने गुस्से में आकर डंडा, रॉड आदि से पीट-पीटकर पत्नी और तीनों बच्चों को अधमरा कर दिया। इसमें पत्नी और दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे की डीएमसीएच में मौत हो गई।
इस घटना के बाद संदीप ने खुद को भी मारने की कोशिश की। उसे घायल अवस्था में दरभंगा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पतोर के थाना प्रभारी चंद्र भूषण कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। विवाद के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।