Dark Mode
IIT में बढ़ीं सीटें, अब 18,826 छात्रों को मिलेगा एडमिशन का मौका

IIT में बढ़ीं सीटें, अब 18,826 छात्रों को मिलेगा एडमिशन का मौका

 

नई दिल्ली। देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले का सपना देखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। इस वर्ष भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) में सीटों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है, जिससे अधिक छात्रों को प्रवेश का अवसर मिलेगा।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, देशभर के IITs में 600 से ज्यादा नई सीटें जोड़ी गई हैं। पिछले साल जहां कुल 18,160 सीटें उपलब्ध थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 18,826 हो गई है। इसका सीधा लाभ उन छात्रों को मिलेगा जो कठिन प्रतियोगी परीक्षा के जरिए IIT में प्रवेश पाने की तैयारी कर रहे हैं।

सीटों में बढ़ोतरी के मामले में सबसे आगे IIT Jodhpur रहा है, जहां 140 नई सीटें जोड़ी गई हैं। वहीं IIT Mandi में 120 अतिरिक्त सीटों का इजाफा किया गया है।

केवल सीटें ही नहीं बढ़ी हैं, बल्कि संस्थानों ने बदलती तकनीकी जरूरतों को देखते हुए कई नए शैक्षणिक कार्यक्रम भी शुरू किए हैं। इस वर्ष विभिन्न IITs में कुल 18 नए कोर्स जोड़े गए हैं, जिनका फोकस उभरती तकनीकों और भविष्य की जरूरतों पर रखा गया है।

IIT Kanpur ने इंटेलिजेंट सिस्टम्स से जुड़ा नया कार्यक्रम शुरू किया है, जबकि IIT Mandi में क्वांटम साइंस एंड इंजीनियरिंग को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। वहीं IIT Indore ने बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और डेटा साइंस से जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत की है।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इंजीनियरिंग शिक्षा अब पारंपरिक विषयों तक सीमित नहीं रह गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी और बायोमेडिकल रिसर्च जैसे क्षेत्रों में बढ़ती मांग को देखते हुए IITs अपने पाठ्यक्रमों को लगातार अपडेट कर रहे हैं।

इसके अलावा IIT Dharwad में गणित और भौतिकी आधारित विज्ञान कार्यक्रम, IIT Palakkad में मैटेरियल्स इंजीनियरिंग और IIT Kharagpur में बायोमेडिकल इंजीनियरिंग से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि सीटों और नए कार्यक्रमों में यह विस्तार देश में तकनीकी शिक्षा को और मजबूत करेगा तथा छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में मदद करेगा।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!