IPL में अनुशासनात्मक कार्रवाई, अंगकृष रघुवंशी पर 20% जुर्माना
मुंबई। कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए मुकाबले में रघुवंशी को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। केकेआर की पारी के दौरान पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दे दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने मैदान पर ही अपनी नाराजगी जाहिर की थी। अंगकृष ने पवेलियन लौटते हुए गुस्से में जोर से जमीन पर बल्ला मारा था और अपना हेलमेट बाउंड्री लाइन के पास फेंक दिया था। केकेआर का खेमा भी अंपायर के फैसले से काफी नाखुश दिखाई दिया था। टीम के हेड कोच अभिषेक नायर को भी गुस्से में अंपायर्स संग बातचीत करते हुए देखा गया था। दरअसल, प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष मिड-ऑन की तरफ शॉट खेलकर रन लेने के लिए दौड़े थे, लेकिन दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया था। अपना विकेट बचाने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई थी, लेकिन तभी फील्डर ने भी गेंद को स्टंप की तरफ थ्रो किया था। थ्रो सीधा अंगकृष के पैर में आकर लगा था, जिसके बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत और बाकी खिलाड़ियों ने अपील की थी। मैदानी अंपायर्स ने थर्ड अंपायर की मदद ली थी, जिसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'(फील्डिंग में बाधा पहुंचाने) का दोषी मानते हुए उन्हें आउट करार दे दिया था।
आईपीएल ने बयान जारी करते हुए कहा, "कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल एक को तोड़ने की वजह से उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला है। रघुवंशी को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़ों, मैदान के उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है। यह घटना 5वें ओवर में हुई, जब ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ के लिए आउट दिए जाने के बाद रघुवंशी ने गुस्से में अपने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर मारा और बाद में उसी तरह अपना हेलमेट डगआउट में फेंक दिया। रघुवंशी ने अपनी गलती मानते हुए मैच रेफरी की सजा को मान लिया है।"
अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण आउट दिए जाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा और युसूफ पठान को भी इस नियम के तहत आउट दिया जा चुका है। अंगकृष इस मुकाबले में 8 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, सुपर ओवर में पहुंचे मैच में केकेआर एलएसजी के खिलाफ जीत दर्ज करने में सफल रही।