क्या आपका पर्सनल डेटा सुरक्षित है?
भारत में ProxyEarth.org का मामला केवल एक और वेबसाइट के डेटा-लीक की खबर नहीं है; यह उस व्यापक संकट का आईना है जो डिजिटल पहचान, टेलिकॉम-आधारित KYC प्रणालियों और सरकारी डेटा सुरक्षा के दावों पर गहरा अविश्वास खड़ा करता है। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि आज भारतीय नागरिक का मोबाइल नंबर किस तरह उसकी पूरी डिजिटल पहचान का प्रवेश-द्वार बन चुका है। उस नंबर के आधार पर किसी व्यक्ति का नाम, पता, संबंध, पहचान-प्रपत्रों की जानकारी और यहां तक कि लोकेशन तक उपलब्ध होने का अर्थ है कि उसकी निजता व्यवहार में एक मृगतृष्णा मात्र बची है। यह स्थिति केवल अमूर्त “प्राइवेसी अधिकार” का हनन नहीं, बल्कि वास्तविक और तात्कालिक जोखिमों का सूत्रपात भी है।
ProxyEarth.org की कार्यप्रणाली किसी जटिल या अत्याधुनिक हैकिंग तकनीक पर आधारित नहीं थी। उपलब्ध साक्ष्यों से यह स्पष्ट होता है कि वेबसाइट ने कोई नया डेटा चुराया नहीं, बल्कि वर्षों से विभिन्न लीक टेलिकॉम कंपनियों के KYC रिकॉर्ड, आधार-आधारित e-KYC डेटा, फिनटेक और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्मों के डेटाबेस, और डार्क वेब पर बिक चुके संवेदनशील पहचान-प्रपत्र—सबको जोड़कर एक सर्च टूल में बदल दिया। इस प्लेटफॉर्म का संचालन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं स्वीकार किया कि उसने केवल “पहले से उपलब्ध” डेटा को एक जगह इकट्ठा किया है। लेकिन यह दलील उतनी ही खतरनाक है जितनी भ्रांतिपूर्ण, क्योंकि जानकारी की अव्यवस्थित, अंधेरी फाइलों से निकलकर एक आसान, कोई-भी-खोज-कर-ले वेबसाइट बन जाना स्वयं में बहुत बड़ा जोखिम है। विखंडित लीक भले हजारों की संख्या में फैले हों, पर उन सबका एकीकृत, खोजनीय डेटाबेस बन जाना व्यावहारिक रूप से एक नए डेटा-लीक से किसी भी तरह कम नहीं।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस वेबसाइट ने केवल पहचान संबंधी स्थिर डेटा जैसे नाम, पिता का नाम, पता ही नहीं, बल्कि टॉवर-ट्राइएंगुलेशन पर आधारित लोकेशन भी दिखाई। चाहे यह “live location” वास्तव में पल-पल सटीक न रही हो, पर इतनी भी निकटता पर्याप्त है कि कोई व्यक्ति किसी दूसरे की भौतिक उपस्थिति का अंदाज़ा लगा सके या उसे डराने, ट्रैक करने और पीछा करने के लिए उपयोग कर सके। हमें यह मान लेना चाहिए कि आज लोकेशन डेटा, निजी पते और परिवारिक विवरण जैसे तत्व किसी व्यक्ति की सुरक्षा के केंद्र में हैं; ऐसे में इनका इतने सहज तरीके से उपलब्ध हो जाना सीधे-सीधे नागरिकों की सुरक्षा पर आघात है।
ProxyEarth की घटना का प्रभाव इसलिए भी गहरा है क्योंकि यह उस मॉडल को उजागर करती है जिस पर पूरे देश का डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर निर्भर है एक ऐसा मॉडल जिसमें पहचान, सत्यापन और प्रमाणीकरण का आधार मोबाइल नंबर, आधार और KYC डेटा है, जिसे अब तक “सुविधा” और “इनोवेशन” के नाम पर व्यापक रूप से अपनाया गया है। यह तर्क दिया जाता रहा है कि आधार-आधारित सेवाएं तेज़, सुरक्षित और भरोसेमंद हैं, परंतु हर कुछ महीनों में सामने आने वाले इस प्रकार के लीक बतलाते हैं कि जिस मजबूत सुरक्षा तंत्र की बात की जाती है, उसमें वास्तव में कई छेद मौजूद हैं। और सबसे दुखद यह है कि इन छेदों की जिम्मेदारी लेने के लिए कोई संस्था न निजी और न ही सरकारी स्पष्ट रूप से आगे आती है। लीक के बाद संस्थाएं “डेटा हमारे सिस्टम से नहीं गया” या “हमारे पास कोई ब्रीच का प्रमाण नहीं” कहने में ज़्यादा तत्पर दिखाई देती हैं, जबकि नागरिक अपने ही डेटा से उत्पन्न जोखिमों का बोझ अकेले झेलते हैं।
एक अन्य पक्ष यह भी है कि भारत में डेटा सुरक्षा को लेकर नियामकीय संरचना अक्सर प्रतिक्रियात्मक रही है, न कि सक्रिय। CERT-In के पास वेबसाइट ब्लॉक करने का अधिकार अवश्य है, और पिछले वर्षों में उसने कई साइटों पर कार्रवाई की भी है, पर यह कदम समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। वेबसाइट को ब्लॉक कर देना एक तात्कालिक उपाय है; असली प्रश्न यह है कि लीक हुए डेटा को वापस कैसे लिया जाए, या कम से कम यह सुनिश्चित कैसे किया जाए कि आगे ऐसा न हो। जो डेटा करोड़ों नागरिकों के KYC फॉर्मों, बैंकों, टेलिकॉम कंपनियों या सरकारी पोर्टलों के माध्यम से निकला है, वह पहले ही कई हाथों में घूम चुका होता है। ऐसे में, ब्लॉकिंग का आदेश वास्तविक नुकसान को रोकने की बजाय एक प्रतीकात्मक उपाय बनकर रह जाता है।
बात केवल तकनीकी जोखिमों या साइबर ठगी के बढ़ते मामलों तक सीमित नहीं है। सामाजिक-मानसिक तनाव, असुरक्षा की भावना, खासकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, पत्रकारों, कार्यकर्ता और राजनीतिक-सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तियों के लिए कहीं अधिक खतरनाक हो सकती है। जब किसी की पहचान और लोकेशन तक पहुंच आसान हो जाए तो हिंसा, पीछा करने, समुदाय आधारित टारगेटिंग और उत्पीड़न की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। भारत में साइबर क्राइम पहले ही तेज़ी से बढ़ रहा है; ऐसे लीक उसके लिए उर्वर भूमि का काम करते हैं।
इस पूरे संकट का सबसे चिंताजनक पहलू यही है कि नागरिक के पास अपना पहले से लीक हुआ डेटा हटाने या उस पर नियंत्रण पाने का कोई साधन नहीं है। उसकी पहचान उसके हाथों में नहीं रहती; वह विभिन्न डेटाबेसों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों में बिखरी रहती है, और वह भी अक्सर ऐसे सिस्टमों में जिनमें सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता नहीं बल्कि सुविधाजनक गौण तत्व होती है। नागरिक के पास केवल जोखिम प्रबंधन के विकल्प बचते हैं जैसे कि अनजान कॉलों से सतर्क रहना, किसी भी OTP, लिंक या रिमोट-एक्सेस रिक्वेस्ट को खारिज करना, UPI और बैंक ऐप्स में मजबूत PIN और मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन लागू करना, संचार साथी जैसे पोर्टल पर अपने आधार से जुड़े नंबरों की नियमित जांच करना, और SIM-swap या eSIM अनुरोधों पर कड़ी नजर रखना।
इस घटना ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत में डिजिटल अधिकारों पर एक व्यापक और गंभीर बहस अब टाली नहीं जा सकती। सुरक्षित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों की सहमति को प्राथमिकता देनी होगी। डेटा-फिड्यूशियरी, चाहे वे टेलिकॉम कंपनियां हों, बैंक हों, फिनटेक हों या सरकारी एजेंसियां इन सबके ऊपर कठोर दंडात्मक प्रावधान लागू होने चाहिए, जिन्हें केवल कागजी नियमों के बजाय वास्तविक कठोर प्रवर्तन के माध्यम से महसूस कराया जा सके। जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक सुरक्षा केवल विज्ञापनों और नीतिगत दस्तावेज़ों में ही सुरक्षित रहेगी।
ProxyEarth केवल एक चेतावनी नहीं; यह वह क्षण है जब हमें स्वीकार करना चाहिए कि डिजिटल सुविधा की दौड़ में हमने सुरक्षा को पीछे छोड़ दिया है। यदि भारत सचमुच “ओपन, सेफ, ट्रस्टेड और अकाउंटेबल इंटरनेट” की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है, तो यह आवश्यक है कि नागरिक की पहचान को केवल एक नंबर या डेटाबेस एंट्री न माना जाए, बल्कि उसकी गरिमा और सुरक्षा के विस्तार के रूप में देखा जाए। डिजिटल भारत की सफलता इसी संतुलन पर निर्भर करेगी।
- महेन्द्र तिवारी