झालावाड़: तेज बहाव एवं आपदा राहत प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन सतर्क
जिला कलक्टर ने आपदा राहत गतिविधियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश आमजन तेज बहाव एवं रपट वाले स्थानों पर न जाएं - जिला कलक्टर
झालावाड़। दक्षिण-पश्चिम मानसून 2025 के चलते जिले में संभावित आपदा स्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में गुरुवार को मिनी सचिवालय सभागार में जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आपदा राहत गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलियाओं पर विशेष निगरानी और सुरक्षा के निर्देश
जिला कलक्टर ने बैठक के दौरान गागरोन स्थित आहू नदी की पुलिया एवं कालीसिंध नदी की पुलिया का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए निर्देश दिए कि तेज बहाव की स्थिति में पुलियाओं के दोनों ओर पुलिस जवान, एसडीआरएफ (ैजंजम क्पेंजमत त्मेचवदेम थ्वतबम) एवं सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि पुलियाओं के दोनों ओर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए एवं तेज बहाव के दौरान पुलिया पार नहीं करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
मुनादी करवाने और ग्राम स्तर पर सतर्कता के निर्देश
गागरोन क्षेत्र के तहसीलदार, पटवारी एवं ग्राम सेवक को निर्देशित किया गया कि आस-पास के गांवों में तेज बहाव की स्थिति में आमजन को पुलिया पार करने से रोकने एवं अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहने के लिए मुनादी करवाना सुनिश्चित करें। जिला कलक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को दी जाए, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
आपदा सामग्री एवं अन्य उपखण्ड क्षेत्रों में तैयारियों के निर्देश
सिविल डिफेन्स प्रभारी को निर्देशित किया गया कि पुलिया स्थलों पर आपदा की स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक सामग्री की व्यवस्था रखें। इसके अतिरिक्त अन्य सभी उपखण्ड क्षेत्रों में भी रपट वाले स्थानों, पुलियाओं एवं संभावित प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने एवं आपदा से निपटने की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कलक्टर द्वारा दिए गए।
आमजन से की विशेष अपील
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि वे तेज बहाव वाले स्थानों एवं रपट क्षेत्रों में जाने से बचें एवं किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ अभिषेक चारण, पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह खरेड़ा, तहसीलदार झालरापाटन नरेन्द्र मीणा सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।