पेड़ बचाओ आंदोलन के तहत रविवार को 11 बजे पुष्प के बालाजी पर संगोष्ठी
सवाई माधोपुर पेड़ बचाओ आंदोलन के तहत रविवार को प्रातः 11:00 बजे तक पुष्प के बालाजी परिसर में एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों के साथ-साथ प्रबुद्ध नागरिक, पत्रकार, व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने शहर में बिना वैधानिक अनुमति (एनओसी) के हो रही बड़े पैमाने की वृक्ष कटाई को गंभीर पर्यावरणीय अपराध बताया है। इस संबंध में आंदोलन की ओर से उपवन संरक्षक, मुख्य वन संरक्षक (राजस्थान) सहित विभिन्न वरिष्ठ वन अधिकारियों को पत्र भेजकर नियमों के अनुसार तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह वृक्ष कटाई केवल लापरवाही नहीं बल्कि संगठित, सामूहिक मिलीभगत एवं व्यापारिक एवं पर्यावरणीय खतरे पैदा करने उद्देश्य से की जा रही प्रतीत होती है। अवैध रूप से काटी गई लकड़ी के लदान, परिवहन एवं पहचान/खपत में संलिप्त गिरोहों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रक,क्रेन एवं जेसीबी मशीनों का प्रयोग कर खुलेआम पेड़ों की कटाई की जा रही है आंदोलनकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर यह अवैध गतिविधि देर रात तक तथा सुबह तड़के चोरी-छुपे की जाती है, जिससे स्पष्ट होता है कि कार्यवाही से बचने के लिए सुनियोजित तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता चिंता का विषय है। आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि अभी भी शहर में सैकड़ों पेड़ खड़े हैं, जिन्हें “विकास” के नाम पर काटे जाने की आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पर्यावरण को अपूरणीय क्षति होगी। पेड़ बचाओ आंदोलन ने दोषी व्यक्तियों, ठेकेदारों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई, पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की वसूली तथा भविष्य में अवैध कटाई रोकने के लिए कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।