जियो IPO को मिली मंजूरी, 27 करोड़ नए शेयर होंगे जारी
New Dehli : देश की प्रमुख टेलीकॉम और डिजिटल सेवा कंपनी जियो के बहुप्रतीक्षित आईपीओ को लेकर बड़ी घोषणा हुई है। जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने कंपनी के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्तावित आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 27 करोड़ इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू लाया जाएगा। शेयरों की अंतिम कीमत बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के माध्यम से तय होगी।
आईपीओ को मंजूरी मिलने पर मुकेश अंबानी ने इसे रिलायंस परिवार और उसके लाखों निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि रिलायंस और उसके शेयरधारकों के बीच का रिश्ता भरोसे, सम्मान और साझी प्रगति पर आधारित है, जिसकी नींव धीरूभाई अंबानी ने रखी थी।
अंबानी ने कहा कि जियो की संभावित लिस्टिंग केवल कंपनी के लिए ही नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी होगी। उनके अनुसार, यह साबित करेगा कि भारत वैश्विक स्तर की तकनीकी कंपनियां विकसित करने और उन्हें सफल बनाने की क्षमता रखता है।
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में जियो के पास विकास और मूल्य सृजन के व्यापक अवसर मौजूद हैं। अंबानी ने कहा कि कंपनी का भविष्य उज्ज्वल है और यह कदम निवेशकों के लिए नए अवसरों के साथ-साथ शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य निर्माण में मददगार साबित होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी आईपीओ प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भविष्य में कंपनी के विस्तार और नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने में अगली पीढ़ी नेतृत्वकारी भूमिका निभाएगी।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जियो का आईपीओ भारतीय पूंजी बाजार की सबसे चर्चित पेशकशों में से एक हो सकता है, जिस पर निवेशकों की नजरें टिकी हुई हैं।