Dark Mode
करीना ने फिर जगाई ‘जुबैदा’ की याद, करिश्मा वाला लुक किया रीक्रिएट

करीना ने फिर जगाई ‘जुबैदा’ की याद, करिश्मा वाला लुक किया रीक्रिएट

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘दायरा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के बीच करीना ने ऐसा फैशन मोमेंट साझा किया, जिसने उनकी बहन और अभिनेत्री करिश्मा कपूर के फैंस को पुरानी यादों में पहुंचा दिया। करीना ने करिश्मा के फिल्म ‘जुबैदा’ के आइकॉनिक लुक को अपने अंदाज में रीक्रिएट किया है।

करीना ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर अपनी और करिश्मा की तस्वीरों का एक कोलाज पोस्ट किया। इसमें करीना मल्टीकलर साड़ी में दिखाई दे रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में करिश्मा कपूर फिल्म ‘जुबैदा’ के उसी यादगार अंदाज में नजर आ रही हैं। करीना ने तस्वीर के साथ बहनों की बॉन्डिंग जाहिर करते हुए लिखा, “मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है... सिस्टर्स फॉरएवर।”

करिश्मा का यह लुक श्याम बेनेगल की फिल्म ‘जुबैदा’ के गाने ‘धीमे धीमे गाऊं’ से जुड़ा है। फिल्म में उन्होंने राजस्थानी पारंपरिक लेहरिया प्रिंट वाली मल्टीकलर साड़ी पहनी थी। साड़ी के साथ सिंपल ब्लाउज और मोतियों के गहनों ने उनके लुक को बेहद खूबसूरत और क्लासिक बनाया था। यही वजह है कि यह अंदाज आज भी हिंदी सिनेमा के यादगार फैशन लुक्स में गिना जाता है।

करीना का यह रीक्रिएशन सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कपूर बहनों के खास रिश्ते की झलक भी देता है। एक पुराने फिल्मी लुक को नए अंदाज में पेश करने से फैंस के बीच भी यह तस्वीर चर्चा का विषय बन गई है।

अब बात करीना की फिल्म ‘दायरा’ की करें तो इसका निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। फिल्म की कहानी और पटकथा पर यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने काम किया है। जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज इस प्रोजेक्ट को मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही ‘दायरा’ अपराध, सजा और त्वरित न्याय बनाम विलंबित न्याय जैसे गंभीर मुद्दों को केंद्र में रखती है। कहानी दो पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग सोच और उनके नजरिए के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।

यह फिल्म जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज का पहला सहयोग है। वहीं, ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ यह तीसरा प्रोजेक्ट है। फिल्म में करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पहली बार एक साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे।

जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा की पेन स्टूडियोज ने फिल्म का निर्माण किया है, जबकि पेन मरुधर इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। ‘दायरा’ 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!