Dark Mode
‘कर्मा’ के 40 साल पूरे, जैकी श्रॉफ ने शेयर की पुरानी यादें

‘कर्मा’ के 40 साल पूरे, जैकी श्रॉफ ने शेयर की पुरानी यादें

मुंबई। दिलीप कुमार की चर्चित एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘कर्मा’ ने शनिवार को अपनी रिलीज के 40 साल पूरे कर लिए। फिल्म की इस खास उपलब्धि पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने सोशल मीडिया के जरिए पुरानी यादों को फिर से ताजा किया।

जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर फिल्म की एक क्लिप साझा की। इसमें दिलीप कुमार, नूतन, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, नसीरुद्दीन शाह, श्रीदेवी, दारा सिंह और टॉम ऑल्टर समेत फिल्म की स्टार कास्ट और निर्देशक सुभाष घई दिखाई देते हैं। जैकी ने पोस्ट में फिल्म से जुड़े कलाकारों और सुभाष घई को टैग करते हुए लिखा कि ‘कर्मा’ ने रिलीज के 40 साल पूरे कर लिए हैं।

सुभाष घई के निर्देशन और निर्माण में बनी ‘कर्मा’ 8 अगस्त 1986 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म अपनी भव्य प्रस्तुति, कहानी, अभिनय और देशभक्ति के भाव के कारण दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई और उस साल की प्रमुख ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही।

फिल्म की सफलता में इसके संगीत का भी बड़ा योगदान रहा। ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ए वतन तेरे लिए’, ‘ना जाइयो परदेस’, ‘मैंने रब से तुझे’ और ‘दे दारू’ जैसे गाने लंबे समय तक लोगों की पसंद बने रहे। आज भी फिल्म के कई गाने पुराने हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय गीतों में गिने जाते हैं।

‘कर्मा’ ने सुभाष घई और दिलीप कुमार की जोड़ी को एक बार फिर सफल साबित किया। इससे पहले दोनों ‘विधाता’ में साथ काम कर चुके थे। फिल्म की कहानी देश की सुरक्षा और व्यक्तिगत बदले की भावना के बीच आगे बढ़ती है।

कहानी विश्व प्रताप सिंह के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे दिलीप कुमार ने निभाया था। उसके परिवार को खूंखार आतंकवादी डॉक्टर डैंग तबाह कर देता है। जेल से भागने के बाद डॉक्टर डैंग देश में बड़े स्तर पर तबाही फैलाने की कोशिश करता है।

ऐसे में विश्व प्रताप सिंह मौत की सजा पा चुके तीन कैदियों को एक खतरनाक मिशन पर साथ लेकर निकलता है। इन किरदारों को अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और नसीरुद्दीन शाह ने निभाया। मिशन पूरा करने के बदले इन कैदियों को आजादी देने का वादा किया जाता है।

फिल्म में दिलीप कुमार के साथ नूतन, श्रीदेवी, पूनम ढिल्लों, दारा सिंह, अनुपम खेर, टॉम ऑल्टर, शक्ति कपूर, परेश रावल और बीना बनर्जी जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाईं।

चार दशक बाद भी ‘कर्मा’ हिंदी सिनेमा की उन फिल्मों में शामिल है, जिन्हें बड़े कलाकारों की मौजूदगी, देशभक्ति की भावना, एक्शन और यादगार संगीत के लिए याद किया जाता है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!