बुलंदियों पर मोदी का आत्मविश्वास : तोड़ा नेहरू और इंदिरा का रिकॉर्ड
बाल मुकुन्द ओझा
मोदी सरकार के कार्यकाल के बारह सालों की चर्चा इन दिनों हर किसी की जुबान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मोदी देश के सबसे लंबे कार्यकाल तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले लोकप्रिय नेता बन गए हैं। 9 जून 2024 को ही उन्होंने एनडीए के तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और उनके सत्ता में रहने के 12 साल 9 जून को पूरे हो गए हैं। मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 9 जून 2026 तक उनके कार्यकाल के 4398 दिन पूरे हो गए हैं। अब मोदी देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री रहने के दोनों कार्यकालों को मिला दें तो वह 8931 दिनों से अधिक समय तक सत्ता में रहने वाले भारत के पहले नेता बन गए थे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मोदी ने कहा, हमारी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना से हमने युवाओं, महिलाओं और अपने किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। यह हमारे अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल क्रांति तक आज देश को दुनियाभर में एक नई पहचान मिली है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हम सेवा, सुशासन और समृद्धि के इसी पथ पर निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।
लोकसभा चुनाव में अपेक्षित सीटें हासिल न करने के बावजूद भारत के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता आज भी सातवें आसमान पर है। मोदी पहले की ही तरह मजबूत स्थिति में और पूरे आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रहे हैं। मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री है जो जनता से सीधा और जीवंत संवाद रखकर उनका दिल जीतते है। उनका हौसला जबरदस्त है। जो ठानते है वह करके दिखाते है। जनता को महंगाई सहित कई मोर्चों पर अनेक दिक्कतों के बाद भी मोदी पर पूरा विश्वास है। जन समर्थन मोदी के साथ है। मोदी आज भी भी आत्मविश्वास और संकल्प शक्ति से भरपूर है। मोदी के मंत्री भी कार्यशील है इसमें कोई दो राय नहीं है। अब वे भारत ही नहीं अपितु दुनियां के सबसे ज्यादा पॉपुलर नेताओं में से एक है। मोदी में गजब का आत्मविश्वास है। भाजपा नेताओं सहित एनडीए के सहयोगी दलों के नेताओं का कहना है मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जलवा बरकरार है। मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक लगातार शासन करने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री होने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। वे भारत के प्रथम प्रधानमंत्री हैं जिनका जन्म आजादी के बाद हुआ है। मोदी में गजब का आत्मविश्वास है। प्रखर और कुशल वक्ता के रूप में उनकी राष्ट्रीय पहचान है। मोदी की कार्यशैली, सोच, साहस, हौसला, कार्य निष्ठा, देश के प्रति समर्पण, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व और कुछ कर गुजरने की ललक ने उनकी लोकप्रियता को देश ही नहीं अपितु दुनिया में भी बढ़ाने का काम किया है।
मोदी की इन 12 सालों की उपलब्धियां बेमिसाल रही है। इन 12 सालों में मोदी सरकार ने अनेक क्षेत्रों में सफलता के परचम फहराए इसमें कोई दो राय नहीं है। मोदी शासन के 12 साल में 27 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, इसे हम उनकी विशेष उपलब्धि मान सकते है। स्वतंत्र विश्लेषक इसे किसी चमत्कार से कम नहीं आंकते है। यह पिछले दशक की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक है। मोदी सरकार के कार्यकाल में विपरीत स्थितियों के बावजूद भारत ने विश्व आर्थिक क्रांति का उद्घोष कर विकास के प्रेरक के रूप में अपना स्थान सुरक्षित किया है। इस अवधि में देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में सबसे अधिक सार्वजनिक निवेश हुआ है। परिणाम स्वरुप अनेक क्षेत्रों में आशातीत प्रगति कर भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की ओर अग्रसर है। मोदी ने कश्मीर में एक ध्वज, एक निशान और एक संविधान का जनसंघ के पितृ पुरुष का सपना साकार किया। मोदी ने अनेक ऐतिहासिक कार्यों को अंजाम देकर मोदी है तो मुमकिन है की अपनी छवि बनाई। मोदी संघ के एक विनम्र स्वयं सेवक की तरह देश की नब्ज को पहचानने में सफल हुए। देश की सबसे बड़ी वैश्विक उपलब्धियों में एक चौथी अर्थव्यवस्था बनने की है। जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जीएसटी, आयुष्मान भारत योजना, डिजिटल इंडिया ,इंफ्रास्ट्रक्चर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान, आत्मनिर्भर भारत अभियान, अनुच्छेद 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, नारी शक्ति और कानून, तीन तलाक कानून, रक्षा और सुरक्षा, शिक्षा और कौशल विकास, महिलाओं के लिए सैन्य सेवा में प्रवेश और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित देशभर में 90 से अधिक एयरपोर्ट और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर, 1.45 लाख किलोमीटर सड़कें और 3000 किमी आधुनिक एक्सप्रेसवे,50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना मोदी सरकार की 12 सालों की प्रमुख उपलब्धियां है।