सफाई-कर्मचारी भर्ती के लिए आए 10 लाख से ज्यादा आवेदन
जयपुर . राजस्थान में 13,184 पदों पर होने जा रही सफाई कर्मचारी की भर्ती के लिए अब तक 10 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों के आवेदन फॉर्म में गड़बड़ी या गलत तथ्य भर गए हैं। वह आज रात 12 बजे तक अपने फॉर्म में करेक्शन कर सकेंगे।
प्रदेशभर के 176 निकायों में कुल 13 हजार 184 पदों पर सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है है। ऐसे में उम्मीदवारों से प्रैक्टिकल एग्जाम के दौरान शौचालयों, नालों, नालियों और पार्क की सफाई कराई जाएगी। जबकि शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। दोनों के कुल 80 नंबर होंगे। इसकी मेरिट के आधार पर निकाय स्तर पर उम्मीदवार को पोस्टिंग दी जाएगी।
राजस्थान सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष दीपक डंडोरिया ने बताया कि फॉर्म करेक्शन के बाद हम भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देंगे। जिसके तहत 15 अगस्त बाद उम्मीदवारों को जिला स्तर पर प्रैक्टिकल के लिए बुलाया जाएगा। वहीं सितंबर तक उम्मीदवारों के इंटरव्यू और प्रैक्टिकल के अंकों के आधार पर फाइनल पोस्टिंग देने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में अगर सब कुछ ठीक रहा। तो राजस्थान में 13,184 पदों पर आचार संहिता से पहले ही अक्टूबर तक बेरोजगार युवाओं को पोस्टिंग दे दी जाएगी।
सिलेक्शन प्रोसेस
अभ्यर्थियों का सिलेक्शन निकाय स्तर पर गठित समिति करेगी।
इस बार इंटरव्यू से पहले प्रैक्टिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा।
प्रैक्टिकल टेस्ट के 50 अंक और इंटरव्यू के 30 अंक निर्धारित किए गए हैं।
कुल 80 अंक में से प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बनेगी।
अनुभव को तरजीह देने के लिए ही प्रायोगिक परीक्षा के अंक अधिक रखे गए हैं।
प्रैक्टिकल टेस्ट के दौरान अभ्यर्थी से सफाई कार्य कराया जाएगा।
अभ्यर्थी से शौचालय, नालों, नालियों और पार्कों की सफाई कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों से गीला और सूखा कचरा भी अलग करवाया जाएगा।
सीवर कार्य में उपकरणों के इस्तेमाल का अनुभव भी देखा और जांचा जाएगा।
CCTV से होगी प्रैक्टिकल टेस्ट की निगरानी
प्रैक्टिकल टेस्ट की निगरानी के लिए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की धांधली का आरोप न लगे। प्रैक्टिकल टेस्ट सिलेक्शन कमेटी में निकाय स्तर पर महापौर या सभापति, जिला कलेक्टर द्वारा मनोनीत RAS अधिकारी, उपमहापौर या समकक्ष जनप्रतिनिधि, सहायक अभियंता, चिकित्सा अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शामिल रहेंगे।
1 साल का अनुभव जरूरी
भर्ती में शामिल होने के लिए विभाग ने सफाई कार्य में अनुभवी को ही पात्र माना है। इसके लिए उम्मीदवार को किसी भी संस्था, घर, दुकान या फिर ऑफिस में एक साल तक सफाई कार्य करने का अनुभव प्रमाण पत्र लेना पड़ेगा। इसके लिए विभाग ने अनुभव प्रमाण पत्र का प्रारूप भी जारी किया है। साथ ही राजपत्रित अधिकारी से प्रमाणित चरित्र प्रमाण पत्र भी देना होगा।
राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती 2023 के लिए आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी को राज्य के किसी भी नगरीय निकाय, केंद्र एवं राज्य के किसी भी विभाग, केंद्र एवं राज्य सरकार के आदेश द्वारा स्थापित स्वायत्तशासी संस्था/ अर्ध-सरकारी संस्थान में संवेदकों, प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से सफाई कार्य करने का सक्षम अधिकारी द्वारा जारी न्यूनतम 1 साल का अनुभव प्रमाण पत्र आवश्यक है।