नवभारत साक्षरता कार्यक्रम
बुनियादी साक्षरता परीक्षा रविवार को
अजमेर । निदेशालय साक्षरता एवं सतत शिक्षा के नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार 19 मार्च को बुनियादी साक्षरता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के 10 हजार परीक्षार्थी पूरे जिले में 11 ग्रामीण ब्लॉक और अजमेर शहर में परीक्षा देंगे।
जिला कलक्टर एवं साक्षरता समिति के अध्यक्ष श्री अंशदीप ने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को परीक्षा आयोजन के लिए नोडल अधिकारी एवं जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। समस्त व्यवस्थाएं अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय द्वारा मॉनिटर की जा रही है। समस्त सीबीईओ को ब्लॉक वार नोडल अधिकारी एवं समस्त पीईईओ एवं यूसीईओ को ग्राम पंचायत वार नोडल अधिकारी नियुक्त किया है । परीक्षा केंद्र प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक खुले रहेंगे। परीक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार इस समयावधि में परीक्षा दे सकेगा। परीक्षा की अवधि 2 घंटे हैं। जिले में 348 केंद्र बने हैं जहां इन परीक्षाओं का आयोजन हो रहा है। केंद्रीय कारागार एवं उच्च सुरक्षा कारागृह के लगभग 100 बंदी भी इस परीक्षा में बैठ रहे हैं।
भारत एवं राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त परीक्षा पर्यवेक्षक इस दौरान परीक्षा केंद्रों का अवलोकन करेंगे।