नितिन देसाई पर 250 करोड़ कर्ज था
स्टूडियो बंद हो सकता था, पुलिस को मोबाइल से ऑडियो क्लिप मिली, 4 लोगों का जिक्र'
मुंबई . जाने माने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने मंगलवार देर रात खुदकुशी कर ली। हमारे सोर्सेज का कहना है कि नितिन तकरीबन 250 करोड़ रुपए के कर्जे में थे। उनकी कंपनी एन डी स्टूडियो काफी कर्जे में थी। नितिन ने एक कंपनी से 180 करोड़ रुपए कर्ज लिया था।
ब्याज मिलाकर कर्ज की रकम 250 करोड़ रुपए हो चुकी थी। कंपनी ने वसूली के लिए कानूनी कदम उठाए थे। कंपनी ने वहां के जिलाधिकारी को भी स्टूडियो जब्त करने का प्रस्ताव दिया था। एन डी स्टूडियो के सील होने की भी संभावना बनी हुई थी।
नितिन देसाई ने दो बार में लिया था लोन
नितिन की कंपनी एन डी आर्ट्स वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने ईसीएल कंपनी के जरिए 185 करोड़ का लोन दो बार में लिया था। पहला 2016 में जबकि 2018 में दूसरा लोन लिया था। 2020 में जब लोन चुकाने की बात आई तो सारी समस्या शुरू हुई।
पुलिस ने कहा- 9 बजे रस्सी से लटका मिला शव
पुलिस का कहना है कि सुबह तकरीबन 9 बजे नितिन देसाई का शव रस्सी से लटका हुआ मिला था। घटना के तुरंत बाद डॉग स्कॉट की टीम वहां पहुंच गई। पुलिस का कहना है वे हर एंगल से इस केस की जांच कर रहे हैं।
पुलिस को नितिन की ऑडियो क्लिप मिली
पुलिस को नितिन के मोबाइल से एक ऑडियो क्लिप मिली है, जिसमें 4 लोगो का जिक्र हैं। पुलिस को शक है कि इन्हीं के दबाव से नितिन देसाई ने सुसाइड की। जल्द ही उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
डिज्नी के लेवल का स्टूडियो बनाना चाहते थे नितिन- प्रोड्यूसर आनंद पंडित
नितिन देसाई दरअसल कर्जत में डिज्नी के लेवल का स्टूडियो बनाना चाहते थे, इसे लेकर वे स्ट्रेस में तो थे। हालांकि जब मेरी उनसे 6 महीने पहले आखिरी बार बात हुई थी, तब वे काफी खुश थे, न जाने अब क्या हो गया - प्रोड्यूसर आनंद पंडित