Dark Mode
खड़गे और राहुल से मिले नीतीश, तेजस्वी भी रहे मौजूद

खड़गे और राहुल से मिले नीतीश, तेजस्वी भी रहे मौजूद

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 3 दिनों की दिल्ली यात्रा पर है। इस दौरान वह विपक्ष के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। आज नीतीश कुमार ने अपने दिल्ली यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि नीतीश कुमार की मुलाकात 2024 चुनाव को लेकर विपक्षी एकता के लिए है। हालांकि, सवाल यही है कि नीतीश कुमार की इन मुलाकातों से क्या विपक्षी एकता देखने को मिलेगी? कुछ दिनों पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीतीश कुमार से फोन पर बात भी की थी। ऐसे में कहीं ना कहीं नीतीश कुमार और कांग्रेस 2024 चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। नीतीश कुमार के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे।
नीतीश कुमार का मल्लिकार्जुन खरगे ने स्वागत किया। राहुल गांधी भी इस दौरान मौजूद रहे। नीतीश कुमार के साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय झा भी मौजूद रहे। वहीं, दिल्ली पहुंचने के साथ ही नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात के अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता को मजबूत करने के प्रयासों पर भी चर्चा की। नीतीश कुमार ने कहा कि वह लालू प्रसाद के साथ फोन पर संपर्क में थे, और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने तथा उनसे प्रत्यक्ष रूप से मिलना महत्वपूर्ण था, इसलिए वह उनसे मिले।
नीतीश कुमार अतीत में कई बार कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हाथ मिलाने की सलाह दे चुके हैं। फरवरी में, कुमार ने इस बात पर जोर दिया था कि यदि कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल 2024 का लोकसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ते हैं, तो भाजपा 100 सीट से कम सीट पर सिमट जाएगी। कुमार ने पिछले साल सितंबर में भी दिल्ली का दौरा किया था जब उन्होंने शरद पवार, अरविंद केजरीवाल, डी राजा, सीताराम येचुरी और अखिलेश यादव जैसे नेताओं से मुलाकात की थी।

 

 

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!