धनतेरस पर सरावगी मोहल्ले को मिली आयुष्मान आरोग्य मंदिर की सौगात, विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया आरोग्य मंदिर का लोकार्पण
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने धनतेरस के पावन अवसर पर शहर के वार्ड संख्या 70 स्थित सरावगी मोहल्ले के निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात देते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। इस केन्द्र के प्रारम्भ होने से क्षेत्रवासियों को घर के समीप ही प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि धनतेरस के शुभ अवसर पर क्षेत्रवासियों को यह स्वास्थ्य सुविधा समर्पित करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है। उनका प्रारम्भ से ही प्रयास रहा है कि अजमेर की जनता को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रारम्भ किया गया है। उन्होंने बताया कि इस केन्द्र पर एक चिकित्सक एवं दो नर्सिंग स्टाफ सहित कुल सात कार्मिक नियुक्त रहेंगे। पूर्व में छोटी-मोटी एवं मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए क्षेत्रवासियों को जेएलएन चिकित्सालय जाना पड़ता था। अब इस केन्द्र के शुरू होने से उन्हें नजदीक ही प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। इससे जेएलएन चिकित्सालय पर भी मरीजों का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी। श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में अब तक 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रारम्भ किए जा चुके हैं। इन केन्द्रों के माध्यम से शहरी क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। यहां सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, गैर-संचारी रोगों की जांच एवं उपचार तथा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार एवं स्थानीय प्रशासन के प्रयासों से अजमेर उत्तर क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अस्पतालों सहित कुल 27 चिकित्सा सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है। इन सुविधाओं का उद्देश्य आमजन को सुलभ एवं बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अजमेर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। संभाग के सबसे बड़े जेएलएन चिकित्सालय में 190 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके साथ ही 18 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा भी शुरू की गई है। इससे जटिल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक के माध्यम से किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना शर्मा, पार्षद श्रीमती उमा पंडित सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।