प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए 3 सप्ताह में 32 देशों से 4 हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए
जयपुर। अपनी जड़ों से जुड़े रहने और गृह प्रदेश के विकास में योगदान देने की प्रवासी राजस्थानियों की इच्छा आगामी प्रवासी राजस्थानी दिवस 2026 के लिए मिल रहे उत्साहजनक प्रतिसाद में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। आयोजन के लिए अब तक 4,000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सबसे अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इसके बाद सिंगापुर, मॉरीशस, संयुक्त राज्य अमेरिका (US) और यूनाइटेड किंगडम (UK) से उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की गई है। अल्बानिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, बहरीन, बेल्जियम और कनाडा सहित कई अन्य देशों के प्रवासी राजस्थानियों ने भी आयोजन में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। वहीं, देश के भीतर बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। गौरतलब है कि गत अक्टूबर माह की 11 तारीख से शुरु किए गए पंजीकरण में लगभग 3 सप्ताह में अब तक भारत सहित 31 देशों से 4000 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। यह तीन दिवसीय आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक होगा। मुख्य कार्यक्रम 10 दिसंबर को सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में आयोजित किया जाएगा। श्री नीलाभ सक्सैना, आयुक्त, निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान सरकार ने कहा कि, “प्रवासी राजस्थानी दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया भर में बसे राजस्थानियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रवासी राजस्थानियों की विशेषज्ञता, उद्यमशीलता, निवेश और वैश्विक अनुभव को राजस्थान के विकास से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। कुछ ही दिनों में 4,000 से अधिक पंजीकरण, इस बात का प्रमाण हैं कि प्रवासी समुदाय अपने गृह प्रदेश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने के लिए उत्साहित है।” इस आयोजन का उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता, संसाधनों और वैश्विक नेटवर्क का उपयोग प्रदेश में निवेश, व्यावसायिक साझेदारी, ज्ञान के आदान-प्रदान और सामाजिक विकास के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए करना है। यह पहल ‘विकसित राजस्थान’ के विजन को साकार करने में प्रवासी समुदाय की भागीदारी को मजबूत करेगी। प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (DoRA), राजस्थान फाउंडेशन, ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (BIP) तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें प्रवासी राजस्थानियों के अलावा उद्योगपति, निवेशक, उद्यमी, पेशेवर, नीति-निर्माता और सरकारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्य आयोजन के दौरान 6 सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पर्यटन, अर्बन डेवलपमेंट, उद्योग, एनर्जी और माइंस शामिल हैं। इन सत्रों में उभरते अवसर, निवेश की संभावनाओं एवं सहयोग के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, ‘प्रवासी राजस्थानी’ सत्र में प्रदेश के विकास में प्रवासी समुदाय की भूमिका और सहभागिता पर विचार-विमर्श किया जाएगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 8 दिसंबर को ‘शेखावाटी हेरिटेज मीट’ से होगी। 9 दिसंबर को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 10 दिसंबर को मुख्य प्रवासी राजस्थानी दिवस होगा। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। इच्छुक प्रतिनिधि पंजीकरण करा सकते हैं।