Dark Mode
एनडीए मुख्यमंत्रियों संग पीएम मोदी की बड़ी बैठक, कई अहम मुद्दों पर मंथन आज

एनडीए मुख्यमंत्रियों संग पीएम मोदी की बड़ी बैठक, कई अहम मुद्दों पर मंथन आज

Nedw Dehli : केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों तथा उपमुख्यमंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक को शासन, विकास और भविष्य की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार बैठक का मुख्य फोकस केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत बनाना होगा। साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। विभिन्न राज्यों में लागू की जा रही केंद्रीय योजनाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों को भी एजेंडे में शामिल किया जा सकता है। खासकर ऊर्जा आपूर्ति, व्यापारिक गतिविधियों और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी संभावित चुनौतियों पर राज्यों के साथ विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी साझा की जाएगी।

एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की उपस्थिति इस बैठक को और महत्वपूर्ण बनाती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित कई वरिष्ठ नेता इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

बैठक के दौरान राज्यों में चल रही प्रमुख आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की भी समीक्षा किए जाने की संभावना है। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सफल योजनाओं और मॉडल्स को साझा करने पर भी जोर दिया जा सकता है, ताकि विकास कार्यों की गति और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सके।

इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, मुद्रा ऋण और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर सरकार ने बैंकिंग सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा और स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार किया है।

एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित यह बैठक आगामी विकास रणनीति तय करने के साथ-साथ केंद्र और राज्यों के साझा एजेंडे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!