Dark Mode
नेहरू जयंती पर PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने बाल दिवस पर बच्चों को दी बधाई

नेहरू जयंती पर PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, नेताओं ने बाल दिवस पर बच्चों को दी बधाई

नई दिल्ली। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई नेताओं ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, आजाद भारत के शुरुआती वर्षों में उनके नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया। 14 नवंबर को मनाए जाने वाले बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू का योगदान और आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उनका नेतृत्व भारत के शुरुआती वर्षों पर गहरी छाप छोड़ गया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से नेहरू को याद किया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें सादर नमन।

दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने भी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और आधुनिक भारत के विकास में नेहरू के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

इस बीच ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम ने नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम और उनके भविष्य को लेकर सोच का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके लिए बेहतर भविष्य तैयार करने का विचार आज भी समाज को प्रेरित करता है। उन्होंने बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को शुभकामनाएं भी दीं।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर ने भी बाल दिवस पर राज्य के बच्चों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में बच्चों को देश की उम्मीद और भविष्य बताते हुए उनके बेहतर विकास की कामना की।

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बाल दिवस के मौके पर बच्चों की प्रतिभा और कल्पनाशक्ति को लेकर खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज किसी बच्चे का देखा हुआ सपना कल देश की ताकत बन सकता है। हर बच्चे में कुछ नया करने की क्षमता और बेहतर भविष्य बनाने की ताकत होती है।

पवन कल्याण ने आगे कहा कि बच्चों को ऐसा माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी डर के अपने सपने देख सकें, सवाल पूछ सकें और नई चीजें सीख सकें। उन्होंने शिक्षा में निवेश करने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने भी पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर याद किया। साथ ही देशभर के बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें लगातार सवाल पूछने, नई चीजें जानने और दुनिया को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।

गौरतलब है कि भारत में हर साल 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण यह दिन बाल अधिकारों, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के महत्व को याद करने का अवसर भी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!