भेरुन्दा में भाजपा की परिवर्तन यात्रा में जनसभा आयोजित
हरसौर। भेरुन्दा कस्बे में पहुँची भाजपा की परिवर्तन यात्रा में टिकट के दावेदारों ने दमखम दिखाते हुए जोरदार स्वागत किया। हरसौर रोड़ पर आयोजित जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह व उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया का स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि गहलोत सरकार में हर वर्ग अत्याचार से पीड़ित हैं। फिर राजस्थान की जनता कैसे सुरक्षित हैं। उन्होंने दिव्या मदेरणा का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के विधायकों मंत्रियों को पता है अब वापस सत्ता में नही आने वाले हैं। इसलिए अपनी ही सरकार के खिलाफ सवालिया निशान लगा रहे हैं। सचिवालय में सोने की सिल्ली मिलती है। 17 बार गहलोत सरकार ने मंत्रियों के संरक्षण के कारण पेपर लीक हुए हैं। बिजली समय पर नही आती है। हरियाणा, गुजरात, यूपी में डीजल पेट्रोल राजस्थान में महंगा है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई अब तय है। पेपर लीक से प्रदेश के युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि गहलोत सरकार की विदाई का समय अब आ गया हैं। कार्यकर्ता चुनाव में एकजुटता दिखाएं। जिसे भी टिकट मिले साथ लग जाए। पूर्व सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने विधायक विजयपाल मिर्धा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार साल में कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमें कराएं। कार्यकर्ताओं के खिलाफ बदले की कार्रवाई का समय आने पर माकूल जवाब दिया जाएगा। उम्मीद के मुताबिक नही जुटी भीड़- भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता पिछले एक माह से यात्रा की तैयारियों में जुटे थे। उम्मीद के मुताबिक भीड़ नही जुटी। भाजपा नेताओं ने बैठक में 10 हजार की भीड़ जुटाने का दावा किया, मगर 2 हजार लोग भी नही आए। मण्डल अध्यक्ष पर कांग्रेस से मिलीभगत का आरोप- कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुटाटी मण्डल अध्यक्ष पुखराज सेवदा पर कांग्रेस से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर हंगामा कर दिया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मंच से नीचे उतारने की मांग तक कर डाली। हंगामें के बीच पूर्व मंत्री अजय सिंह किलक ने मामला शांत कराया। अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर सफाई देते हुए मंडल अध्यक्ष पुखराज सेवदा ने बताया कि मैं पिछले 20 सालों से पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता हूँ। कांग्रेस से मिलीभगत के आरोप झूठे हैं। अगर ऐसा है तो आरोप लगाने से पहले कोई सबूत बताएं। ये रहे मौजूद- इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला, प्रधान जसवंत सिंह थाटा, संयोजक रामनिवास जाजुन्दा, सह संयोजक शिवकुमार देशवाल, सहकारिता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल चौधरी, मण्डल अध्यक्ष बलबीर सिंह गुढा, महिला मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष संध्या भाटी, मण्डल सदस्य सुखराम धूण, युवा नेता सुरेश मेवड़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।