Dark Mode
पुतिन का बयान : रूस-चीन संबंध अभूतपूर्व स्तर पर, व्यापार 200 अरब डॉलर पार

पुतिन का बयान : रूस-चीन संबंध अभूतपूर्व स्तर पर, व्यापार 200 अरब डॉलर पार

मास्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि रूस और चीन के बीच संबंध अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच चुके हैं और दोनों देश एक-दूसरे की संप्रभुता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर समर्थन देने के लिए तैयार हैं। व्लादीमिर पुतिन ने बीजिंग यात्रा से पहले एक वीडियो संदेश में कहा, " चीन दौरे को लेकर मैं बहुत प्रसन्न हूं। मेरे लंबे समय के अच्छे मित्र और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर मैं ये यात्रा कर पा रहा हूं।" रूसी राष्ट्रपति के अनुसार, रूस और चीन के शीर्ष स्तर पर नियमित बातचीत दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने और उनके व्यापक सहयोग को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि 25 साल पहले हुए “अच्छे पड़ोसी और मैत्रीपूर्ण सहयोग संधि” ने दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी की नींव रखी थी, और आज यह संबंध एक “अभूतपूर्व स्तर” पर पहुंच चुके हैं।
पुतिन के अनुसार, दोनों देशों के रिश्ते आपसी समझ, विश्वास और समानता पर आधारित हैं। वे एक-दूसरे के मूल हितों और संप्रभुता की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सहयोग करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि रूस और चीन अपने राजनीतिक, आर्थिक और रक्षा संबंधों को लगातार मजबूत कर रहे हैं। पीपुल-टू-पीपुल कनेक्ट बढ़ रहा है और सांस्कृतिक आदान-प्रदान भी खूब हो रहा है।
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि दोनों देश मिलकर ऐसे कदम उठा रहे हैं जो द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा कर उनकी आगे की राह आसान कर रहे हैं। रूस और चीन के बीच वीजा-मुक्त व्यवस्था से पर्यटन और व्यापारिक यात्राएं आसान हुई हैं, जिससे दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ा है।
आर्थिक सहयोग को लेकर उन्होंने कहा कि "दोनों देशों का व्यापार अब 200 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है और तेजी से बढ़ रहा है।"
उन्होंने यह भी बताया कि रूस और चीन ने अपने अधिकांश व्यापारिक लेन-देन अब राष्ट्रीय मुद्राओं (रूबल और युआन) में करना शुरू कर दिया है, जिससे आर्थिक सहयोग और मजबूत हुआ है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!