राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित
सवाई माधोपुर । राजस्व अधिकारियों की बैठक जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी राज्य सरकार की फ्लैगशिप व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी फण्ड के कैयरटेकर हैं उनका उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे पात्र व्यक्ति को पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी माह में कम से कम एक बार शिक्ष विभाग में चल रही सरकार की योजनाओं की क्रियान्विति एवं प्रगति को जानने के लिए उनके क्षेत्र के सभी राजकीय विद्यालयों का प्रतिमाह दौरा कर मुख्यमंत्री निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरण योजना के अन्तर्गत सभी विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म वितरण किया जाना, बाल गोपाल योजना के अन्तर्गत कक्षा 1 से 8वीं तक के विद्यार्थियों को निर्धारित मात्रा में दूध का वितरण किया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ-साथ मिड-डे मील की गुणवत्ता भी जांचे। उन्होंने कहा कि आगामी माह में सीबीएससी एवं राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा आयोजित होने वाली है इस संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने में शिक्षा विभाग का सहयोग करें।
जिला कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी राज्य सरकार की चिकित्सा संबंधित योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें इसके लिए प्रतिमाह सीएचसी, पीएचसी का निरीक्षण कर सभी चिकित्सा संबंधी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर चिकित्सा संस्थानों में आने वाले मरीजों को मुख्यमंत्री निशुल्क दवा-जांच का लाभ मिले। साथ ही पात्र व्यक्ति को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिलवाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के अन्तर्गत पात्र परिवारों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी उनके ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से सम्पर्क कर उनके विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर नियमित रूप से मॉनिटरिंग कर प्रगति लाए।
जिला कलेक्टर ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को प्रत्येक माह में कम से कम एक बार उनके क्षेत्र के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों का नियमित रूप से भ्रमण कर वहां रहने वाले विद्यार्थियों को प्रदान की जारी आवास, भोजन, पेयजल एवं शिक्षा संबंधी बेहतर व्यवस्थाएं किया जाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने इस दौरान रास्तों, विद्युत, सड़क, मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अन्तर्गत कराए जाने वाले विकास कार्यो के लिए भूखण्ड आवंटन, लाईट्स, सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के शीघ्र निस्तारण आदि के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी नवरत्न कोली सहित उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।