गर्भवती महिलाओं के लिए मंगलवार को खास अभियान
जयपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत मंगलवार को जिले के स्वास्थ्य संस्थानों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चितकिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित आवश्यक जांचें की जाएंगी। गर्भवती महिलाओं को पोषण, सुरक्षित प्रसव, संस्थागत प्रसव एवं प्रसव पूर्व देखभाल के संबंध में आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को प्रोटोकॉल के अनुसार आयरन उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। गंभीर एनीमिया अथवा अन्य जटिलता वाली गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनका उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। डॉ. मित्तल ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे मंगलवार को अपने नजदीकी राजकीय स्वास्थ्य संस्थान पर पहुंचकर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में नियमित रूप से प्रसव पूर्व जांच करवाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के दौरान अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।