मैराथन में दौड़े विद्यार्थी, मतदाताओं को किया जागरुक
धौलपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान को लेकर लोगों की जागरूकता के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम यानि स्वीप के तहत विभिन्न आयोजन किये जा रहे हैं। ऐसे में सोमवार सुबह मतदाता की जागरूकता को लेकर बाड़ी उपखंड मुख्यालय और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है। जिसमें बाड़ी उपखंड मुख्यालय पर मैराथन दौड़ को उपखंड अधिकारी राधेश्याम मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के आजाद गेट से शुरू हुई यह मैराथन दौड़ धौलपुर रोड पर हाईवे किनारे कप्तान ढाबे तक पहुंची। दौड़ में सभी लोगों को 19 अप्रैल मतदान दिवस पर आवश्यक रूप से मतदान करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दाऊदयाल शर्मा ने बताया कि 19 अप्रैल को प्रथम चरण में करोली-धौलपुर लोकसभा के लिए मतदान होगा। ऐसे में सभी लोगों से शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की जा रही है और मतदाता की जागरूकता को लेकर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान नगर पालिका के सीताराम शर्मा, समाजसेवी लक्ष्मी नारायण शर्मा, किशोरी भटेले, राजेश शर्मा, सरिता देवी, टीकम जाट, सुरेश भारद्वाज सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।