अकादमी के विविध पुरस्कारों की घोषणा साहित्यकारों ने दी बधाई
सूर्यमल्ल मीसण शिखर पुरस्कार मधु आचार्य आशावादी व शिवचंद भरतिया गद्य पुरस्कार कमल रंगा को
सोजत। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर के अध्यक्ष शिवराज छंगाणी ने वर्ष 2022-23 के लिए अकादमी के विविध पुरस्कारों तथा सम्मानों की घोषणा की है। अकादमी कार्यसमिति की बुधवार को होटल ढोला मारू सभागार में आयोजित बैठक में छंगाणी ने विभिन्न पुरस्कारों के निर्णायकों की संस्तुतियों के आधार पर पुरस्कार निर्णयों की जानकारी दी।
अकादमी अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2022-23 के लिए 71,000 रुपए का सूर्यमल्ल मीसण शिखर पुरस्कार (पद्य) बीकानेर के वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य आशावादी को उनकी पुस्तक ‘पीड़ आडी पाळ बाध’ पर व 51,000 रुपए का शिवचंद भरतिया गद्य पुरस्कार बीकानेर के कमल रंगा को उनकी पुस्तक ‘आलोचना रै आभै सोळह कलावां’ पर व 51,000 रुपए का गणेशीलाल व्यास उस्ताद पद्य पुरस्कार बारां के मूल निवासी व ठाणे के निवासी ओम नागर को उनकी पुस्तक ‘बापू : एक कवि की चितार’ पर व 51,000 रुपए का मुरलीधर व्यास राजस्थानी कथा साहित्य पुरस्कार अलवर के डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को उनकी पुस्तक ‘भरखमा’ पर दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश भर के साहित्यकारों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।