ओमान बैठक से पहले ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी
वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच ओमान में होने वाली अहम बैठक से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से तेज करने की कोशिश की, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे ओमान की राजधानी मस्कट में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत होनी है। इससे पहले यह बैठक तुर्किए में प्रस्तावित थी, लेकिन ईरान की आपत्ति के बाद स्थान बदलकर ओमान कर दिया गया।
एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ताकत को लेकर गंभीर चिंता करनी चाहिए। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
पिछले कुछ हफ्तों से ट्रंप लगातार ईरान को सैन्य कार्रवाई की चेतावनी देते रहे हैं। उन्होंने ईरान सरकार पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा करने के आरोप लगाए हैं और देश में नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत भी जताई है।
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सईद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की पुष्टि करते हुए ओमान सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अमेरिका ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए नए समझौते का दबाव बना रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के अनुसार, वॉशिंगटन न्यूक्लियर मुद्दे के अलावा बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम, क्षेत्रीय प्रॉक्सी नेटवर्क और मानवाधिकार जैसे विषयों पर भी चर्चा करना चाहता है।
हालांकि, ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि वह इस बातचीत को सिर्फ परमाणु मुद्दे तक सीमित रखना चाहता है। ऐसे में ओमान बैठक से पहले दोनों देशों के रुख में बड़ा अंतर नजर आ रहा है।
कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक अमेरिका-ईरान संबंधों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है, लेकिन ट्रंप की सख्त चेतावनियों से बातचीत की राह और कठिन होती दिख रही है।