Dark Mode
इजराइल का बड़ा दावा : हिजबुल्लाह के टॉप आतंकी को किया ढेर

इजराइल का बड़ा दावा : हिजबुल्लाह के टॉप आतंकी को किया ढेर

तेल अवीव। इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच इजराइली सुरक्षा बलों (आईडीएफ) ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। आईडीएफ के मुताबिक, हिजबुल्लाह के वरिष्ठ आतंकवादी अली दाऊद अमिच को रविवार को किए गए एक हमले में मार गिराया गया है।

आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि अमिच हिजबुल्लाह के इंजीनियरिंग डिवीजन का प्रमुख था और दक्षिणी लेबनान के अल-द्वेयर इलाके में आतंकी ढांचे को दोबारा खड़ा करने में जुटा हुआ था।

सेना के अनुसार, अमिच न सिर्फ इजराइली सैनिकों पर हमलों की साजिश में शामिल था, बल्कि इजराइल और लेबनान के बीच हुए सुरक्षा समझौते का उल्लंघन भी कर रहा था। इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।

आईडीएफ का कहना है कि रविवार को सटीक सैन्य कार्रवाई के तहत अमिच को ढेर किया गया। हालांकि, इस घटना पर हिजबुल्लाह की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिजबुल्लाह लेबनान आधारित एक शिया मुस्लिम राजनीतिक दल और सशस्त्र संगठन है, जिसकी स्थापना 1980 के दशक में हुई थी। इसे ईरान का समर्थन प्राप्त है और यह क्षेत्र में इजराइल विरोधी गतिविधियों के लिए जाना जाता है।

अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और खाड़ी सहयोग परिषद समेत कई देशों ने हिजबुल्लाह को आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगठन के पास हजारों रॉकेट और मिसाइलें हैं और इसके हजारों लड़ाके सक्रिय हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस कार्रवाई से इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच तनाव और बढ़ सकता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बढ़ा रही हैं और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!