उदयपुर: नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े के अंतर्गत फतहसागर पर रैली और विविध कार्यक्रम
उदयपुर। नेत्रदान जागरूकता पखवाड़े के तहत आज फतहसागर झील के देवाली छोर से फिश एक्वेरियम तक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. विजय गुप्ता, आई बैंक सोसाइटी के अध्यक्ष सूरजमल पोरवाल, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज के एचओडी डॉ. ऋषि मेहता, जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ. विनय जोशी, तारा संस्थान के डॉ. सुबोध, सेटेलाइट हॉस्पिटल अंबामाता से डॉ. संजय गोयल, डॉ. प्रज्ञा गर्ग, प्रेमलता मेहता, राजेंद्र भंडारी, आईओटी के सीनियर नर्सिंग ऑफिसर लोकेश अहारी, बिंदु नायर, कन्हैयालाल पुरबिया, अरुणा पंडोर, आई बैंक काउंसलर रेखा जीनगर, कोऑर्डिनेटर नवीन कुमार जीनगर, सवाईराम सुथार, रानी टेलर सहित नेत्र रोग विभाग के रेजीडेंट डॉक्टर्स, डीओटी स्टूडेंट्स और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर डॉ. विजय गुप्ता ने जानकारी दी कि नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत 30 और 31 अगस्त को नेत्र रोग विभाग में लैमिनर केराटोप्लास्टी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बाहर से आए विशेषज्ञ डॉ. विकास मित्तल और डॉ. रूचि मित्तल ने आधुनिक कॉर्निया ट्रांसप्लांट की नई तकनीक पर जानकारी दी और सर्जरी भी की। यह राजस्थान में पहली बार लैमिनर केराटोप्लास्टी हुई है। इस तकनीक से एक ही कॉर्निया से दो से चार लोगों का ट्रांसप्लांट संभव है। उन्होंने बताया कि देश में हर साल लगभग 50 हज़ार नेत्रदान होते हैं, जबकि आवश्यकता 1 लाख से अधिक की है। इसलिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए। कार्यक्रम में डीओटी स्टूडेंट्स ने एक नाटक का मंचन भी किया, जिसमें नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों और सच्चाई को प्रस्तुत किया गया। आई बैंक सोसाइटी के अध्यक्ष सूरजमल पोरवाल और डॉ. ऋषि मेहता ने भी नेत्रदान को लेकर उद्बोधन दिया और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की। नेत्रदान पखवाड़ा प्रतिवर्ष 25 अगस्त से 8 सितंबर तक मनाया जाता है। इसी क्रम में आरएनटी मेडिकल कॉलेज और आई बैंक सोसाइटी चैप्टर उदयपुर द्वारा अस्पताल परिसर में रैली, रेडियो वार्ता, एमबीबीएस विद्यार्थियों के बीच क्विज, नाटक मंचन, विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता जैसे कई आयोजन किए गए।