भगवान बिरसा मुंडा और जनजाति गौरव दिवस पर प्रदेशभर में होंगे विविध कार्यक्रम:— मन्नालाल रावत
जयपुर। भाजपा एसटी मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजाति गौरव सप्ताह के तहत भाजपा प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर नायक-नायिकाओं, संतों और समाज सुधारकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए रावत ने कहा कि जनजाति गौरव सप्ताह के तहत 14 नवंबर को विभिन्न जिलों में जनजातीय समाज के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई की जाएगी। स्मारक स्थलों पर दीपोत्सव आयोजित कर जनजातीय बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। रावत ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत 16 से 20 नवंबर तक खेल एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 15 से 20 नवंबर तक युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। राजस्थान में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तरीय समन्वय के लिए पूर्व महामन्त्री मोतीलाल मीणा को प्रदेश संयोजक बनाया है। भाजपा एसटी मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नालाल रावत ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। प्रत्येक मंडल में भगवान बिरसा मुंडा सहित स्थानीय जनजातीय नायकों की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं से संवाद किया जाएगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान जनजातीय समाज के युवाओं को जोड़ने के लिए युवा संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, मेले और प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्राएं निकालकर जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा। रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में जिन जनजातीय नायकों और प्रतिभाओं का उल्लेख किया है, उनकी प्रेरक कहानियों को भी समाज के सामने लाया जाएगा। पार्टी ऐसे संतों, समाजसेवियों, कलाकारों और आधुनिक प्रतिभाओं को सम्मानित करने का प्रयास करेगी, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से 23 नवंबर को अनुसूचित क्षेत्र के डूंगरपुर जिले में वणेश्वर धाम पर जनजाति गौरव जनसभा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वरोजगार और आजीविका से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं की जाएंगी। भाजपा एसटी मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष मन्नालाल रावत ने बताया कि जनजातीय समाज के विकास और संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में भाजपा सरकारों ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में वर्ष 1999 में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया। वर्ष 2003 में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के गठन का प्रावधान किया गया तथा संताली और डोगरी सहित भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी के समावेशी चिंतन को आगे बढ़ाते हुए जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा में उचित भागीदारी दी है। वर्ष 2021 में जनजाति गौरव दिवस की घोषणा और वर्ष 2022 में जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया जाना ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह देश के करोड़ों जनजातीय नागरिकों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आत्मसम्मान का सम्मान है। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल और विभिन्न राज्यों के नेतृत्व में भी जनजातीय समाज को प्रतिनिधित्व मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के बाद पहली बार अनुसूचित जनजातियों के लिए विधानसभा की नौ सीटें आरक्षित की गईं। भाजपा का उद्देश्य जनजातीय समाज को उचित प्रतिनिधित्व, नेतृत्व, सम्मान और विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास के लिए बजट में वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क, बिजली और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजाति गौरव दिवस केवल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के सभी जनजातीय वीरों और वीरांगनाओं को नमन करने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का सम्मान करते हुए उसे विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।