'डोंट बी शाय' को लेकर आलिया क्यों हैं नर्वस?
मुंबई। आलिया भट्ट के लिए ‘डोंट बी शाय’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जिससे वह शुरुआत से जुड़ी रही हैं। बतौर प्रोड्यूसर फिल्म की रिलीज को लेकर अभिनेत्री के मन में उत्साह तो है, लेकिन नए कलाकारों और निर्देशक को लॉन्च करने की जिम्मेदारी उन्हें खुद से भी ज्यादा नर्वस कर रही है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान आलिया से पूछा गया कि क्या उन्हें कभी लगा कि उन्हें भी फिल्म में अभिनय करना चाहिए था। इस पर उन्होंने साफ कहा कि उनके मन में ऐसा ख्याल नहीं आया। उनका कहना है कि कैमरे के सामने रहना उन्हें पसंद है, लेकिन प्रोड्यूसर के तौर पर किसी कहानी को आकार लेते देखना बिल्कुल अलग अनुभव है।
आलिया ने अपने फिल्मी सफर को याद करते हुए बताया कि करीब 14 साल पहले उन्होंने ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बतौर एक्टर शुरुआत की थी। अब इतने वर्षों बाद वह चार नए कलाकारों और एक डेब्यूटेंट डायरेक्टर को दर्शकों के सामने लाने जा रही हैं। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर उनकी घबराहट कुछ ज्यादा है।
फिल्म की शुरुआत उस वक्त हुई, जब निर्देशक श्रीति मुखर्जी अपनी कहानी का आइडिया लेकर टीम के पास पहुंचीं। आलिया के मुताबिक, उन्हें कहानी पसंद आई और फिर इसे साथ मिलकर बनाने का फैसला किया गया। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि कहानी उनके दिल के करीब है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इसके किरदारों और भावनाओं से खुद को जोड़ पाएंगे।
‘डोंट बी शाय’ की कहानी 20 साल की श्यामिली ‘शाइ’ दास के इर्द-गिर्द घूमती है। श्यामिली को लगता है कि उसने अपनी जिंदगी को समझ लिया है और सब कुछ उसके हिसाब से चल रहा है। लेकिन अचानक परिस्थितियां बदलती हैं और उसकी बनाई हुई दुनिया उसके नियंत्रण से बाहर होने लगती है।
फिल्म में आरुषि बजाज, पीयूष खाती, बियांका अरोड़ा और अंश दुग्गल जैसे नए कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इनके अलावा कुणाल रॉय कपूर और नेहा धूपिया भी फिल्म का हिस्सा हैं।