बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत,
ग्रामीणों ने जाम लगाकर किया उनियारा थाने का घेराव
पुलिस अधीक्षक ने तीन पुलिसकर्मियोंं को किया लाईन हाजिर
टोंक (हुक्मनामा समाचार)। जिले के उनियारा थाना क्षेत्र में बीती देर रात्रि बजरी भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाईक सवार एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत पर ग्रामीणों ने उनियारा थाने पहुंचकर थाने का घेराव कर दिया तथा आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने के सामने जाम लगाकर नारेबाजी शुरू की। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। उनियारा थाना क्षेत्र में अवैध बजरी के ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाजोलिया नहर के समीप बाईक पर सवार महिला मोना उर्फ कीर्ति (35) पत्नी कपिल जांगिड़ की मौत हो जाने के बाद मामला गर्मा गया है। परिजनों का आरोप कि पुलिस ने बजरी से भरे ट्रेक्टर-ट्रॉली को मौके पर खाली करवा कर बजरी माफिया के वाहन को फरार करवा दिया। बजरी माफियाओं के वाहनों का पुलिस द्वारा पीछे करने के दौरान रात्रि 10 बजे करीब यह हादसा हुआ, जहां मृतक के परिजनों व पुलिस ने शव को उनियारा अस्पताल पहुंचाया। महिला की मौत होने की खबर फैलते ही क्षेत्र के भाजपा-कांग्रेस नेता अस्पताल पहुंचे व पुलिस अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। मामला गर्माता देख कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए उनियारा सर्किल क्षेत्र के थानों सहित टोंक पुलिस लाईन से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर उनियारा थानाधिकारी छोटेलाल मीना उनियारा अस्पताल पहुंचे, जहां नाराज लोगों से समझाईश कर मामला शांत करवाया। दुर्घटना में महिला की मौत के बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण उनियारा थाने पहुंचे, जहां अपनी नाराजगी जताई। तत्पश्चात ग्रामीण अस्पताल पहुंचे, जहां महिला के पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू होने से पहले परिजन एवं ग्रामीण फिर से उनियारा थाने पर पहुंचे, जहां थाने का घेराव कर आड़े तिरछे ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रोड़ जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाकर ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा एवं बजरी माफिया से मिलीभगत के दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की। वही ग्रामीणों ने पुलिस पर बजरी माफियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे अति. पुलिस अधीक्षक टोंक आदर्श चौधरी एवं वृत्ताधिकारी उनियारा रोहित मीणा ने आक्रोशित ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों को समझाईश की गई, तथा आक्रोशित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन से वार्ता कर नियमानुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता सहित नौकरी दिलाई जायेगी। अति. पुलिस अधीक्षक की समझाईश से मृतक महिला के परिजनों से आपसी सहमति बनने के बाद शव का मेडीकल बोर्ड पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज ने उनियारा थाने के सउनि रतनलाल मीणा, कांनि. रतिराम सहित कॉन्स्टेबल चालक मनीष को लाईन हाजिर किया है।