योग और संगीत ने बदली एलनाज की जिंदगी, साझा किया खास अनुभव
Mumbai : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और वर्ल्ड म्यूजिक डे के मौके पर अभिनेत्री एलनाज नौरोजी ने योग और संगीत के प्रति अपने जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों ने उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एलनाज ने बताया कि योग और संगीत दोनों उन्हें मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करते हैं। उनके अनुसार, इन दोनों विधाओं में एक समानता है कि वे व्यक्ति को वर्तमान में जीना और खुद से जुड़ना सिखाती हैं।
अभिनेत्री ने कहा कि एक कलाकार होने के नाते उनकी जिंदगी लगातार यात्रा, शूटिंग और व्यस्त कार्यक्रमों से भरी रहती है। ऐसे में योग उन्हें मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, जबकि संगीत उन भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम बनता है जिन्हें शब्दों में कहना आसान नहीं होता।
उन्होंने बताया कि यह वर्ष उनके लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि वह एक ओर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजनों का हिस्सा बन रही हैं, वहीं दूसरी ओर गायक जुबिन नौटियाल के साथ अपने हिंदी सिंगिंग डेब्यू ‘हुआ’ के जरिए संगीत की दुनिया में नई शुरुआत करने जा रही हैं।
एलनाज का मानना है कि योग की तरह संगीत में भी लोगों को जोड़ने, प्रेरित करने और सकारात्मक ऊर्जा देने की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में ऐसी किसी गतिविधि को जरूर अपनाना चाहिए जो उसे खुशी, सुकून और आंतरिक शांति प्रदान करे।
अभिनेत्री ने दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पर भी खुशी जताई। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि योग और संगीत जैसे माध्यम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेंगे।
एलनाज नौरोजी को नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ में जोया मिर्जा की भूमिका से व्यापक पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म के कई प्रोजेक्ट्स में अपनी अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया है।